हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा हाल ही में गन्ने के रेट में बढ़ोतरी किए जाने के फैसले को लेकर किसानों में अपार हर्ष का माहौल है। विशेष रूप से गन्ना बाहुल्य जिलों के किसानों और किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने इसे “मुख्यमंत्री की ओर से किसानों को दिवाली का तोहफा” बताया है।
किसानों और किसान मोर्चा के सदस्यों द्वारा प्रतिदिन मुख्यमंत्री निवास, संत कबीर कुटीर, पर पहुंचकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया जा रहा है। किसान मुख्यमंत्री को गन्ने की पुली भेंट कर अपनी खुशी और कृतज्ञता प्रकट कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी जो स्वयं कृषक पृष्ठ भूमि से हैं और हमेशा किसानों के हितों के लिए तत्पर रहते हैं। अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होते ही किसान हित में बड़ा निर्णय लेते हुए गन्ने के राज्य सलाहकार मूल्य (एसएपी) में 15 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि करने का ऐतिहासिक फैसला लिया है।
अब हरियाणा में गन्ने की अगेती किस्म का मूल्य 400 रुपये से बढ़ाकर 415 रुपये प्रति क्विंटल तथा पछेती किस्म का मूल्य 393 रुपये से बढ़ाकर 408 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है। यह फैसला न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा, बल्कि राज्य की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने वालों में कैथल और करनाल जिलों के किसान मोर्चा के सदस्य एवं महिला गन्ना उत्पादक किसान भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहीं। किसानों ने कहा कि यह निर्णय राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए नई ऊर्जा और उत्साह लेकर आया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती सहित राजबाला चहल, सुनील वत्स, दिनेश पुजार, विनोद गोन्दर, राजबीर चौहान, मनदीप विर्क, सुभाष हजवाना, संजय सैनी अन्य किसान मोर्चा कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री निवास पर डेलिगेशन की भेंट करने हेतु पहुँचे।