अम्बाला आईजी अॉफिस में काम करने वाले सिपाही की शनिवार को कुछ आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वह अपने परिजनों के साथ होटल पर खाना खाने के लिए आया हुआ था, जिस दौरान पुरानी रंजिश में कुछ आरोपियों ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर जख्मी कर दिया। चंडीगढ़ पीजीआई में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी फिलहाल फरार हैं।
अम्बाला के डीएसपी सुल्तान सिंह ने बताया कि पंजोखरा गांव का रहने वाला सिपाही अवतार सिंह शुक्रवार रात को अपने चचेरे भाइयों के साथ एक होटल में खाना खाने के लिए गया हुआ था। वह खाना खाकर बाहर निकला तो वहां पहले से कमलजीत सिंह मौजूद था, जिसकी अवतार सिंह से पुरानी रंजिश थी।
उसने रात के अंधेरे में अपने साथियों के साथ मिलकर अवतार सिंह पर लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। वे अवतार सिंह को जख्मी करके फरार हो गए। घायल अवस्था में अवतार को अम्बाला सिटी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां से उसे चंडीगढ़ सेक्टर-32 के पीजीआई में रेफर कर दिया गया।
वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। अवतार के सिर में गंभीर चोट आई थी। डीएसपी सुल्तान सिंह का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं, उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।