जीरकपुर। शिरोमणि अकाली दल की सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने डेराबस्सी हलके की महिलाओं को नशे के विरूद्ध एकजुट होकर लड़ाई लडऩे की अपील करते हुए कहा है कि आज पंजाब की माताएं और बहने नशा तस्करों से छुटकारा चाहती हैं। पिछले पांच साल में नशों के विरूद्ध आवाज उठाने वालों को केवल मौत ही मिली है। पंजाब की मौजूदा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धी जगह-जगह शराब ठेके खुलवाना तथा नशों के कारोबार को बढ़ावा देना है।
हरसिमरत कौर बादल मंगलवार को जीरकपुर में मांवा-धीयां की ललकार, बंद करवांगे नशे दा कारोबार नामक रैली को संबोधित कर रही थी। इस रैली में भारी संख्या में हलके की महिलाओं ने भाग लिया। हरसिमरत कौर ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार बनने के बाद महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। यह टास्क फोर्स अकाली दल की माई भागो फौज के साथ मिलकर नशा तस्करों का सफाया करेगी।
अकाली दल सांसद ने कहा कि पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के कार्यकाल के दौरान हर समय विकास, आपसी भाईचारे तथा अमन शांति की बात होती थी लेकिन दिल्ली के रिमोट कंट्रोल से चलने वाली सरकार केवल नशा तस्करों को बढ़ावा देने, शराब ठेके खुलवाने तथा भ्रष्टाचार की बात करती है।
मौजूदा मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि आम आदमी पार्टी से बड़ा महिलाओं का दोषी कोई नहीं है। आज पंजाब की एक भी महिला ऐसी नहीं है जिसके खाते में 60 हजार रुपये आए हों, जबकि चुनाव के समय में महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह देने की बात की गई थी।
उन्होंने कहा कि पंजाब की महिलाओं की केवल एक ही पुकार है कि वह नशों से अपने बच्चों को कैसे बचाएं। तीन माह में नशा खत्म करने की गारंटी देने वाले पांच साल में एक भी मगरमच्छ को नहीं पकड़ सके हैं।
अकाली दल सांसद ने महिलाओं को एकजुट करते हुए कहा कि वह अपने साथ कम से कम तीन परिवारों की महिलाओं को जोडक़र माई भागो फौज का हिस्सा बनें। अकाली दल की सरकार बनने पर यही फौज नशा तस्करों को पंजाब से बाहर करने में सबसे अहम भूमिका निभाएगी।
इससे पहले हरसिमरत कौर बादल का स्वागत करते हुए रैली की आयोजक एवं पूर्व विधायक एन.के.शर्मा की पत्नी बबिता शर्मा ने कहा कि नशों के खिलाफ तलवंडी साबो से शुरू हुई महिम आज डेराबस्सी तक पहुंच गई है। डेराबस्सी हलके के प्रत्येक गांव में आज महिलाओं को केवल इस बात की चिंता है कि उनके बच्चों को नशों से कौन बचाएगा। वह जब हलके में गई तो गांवों में महिलाओं ने बताया कि किस तरह से खुलेआम सरकार के संरक्षण में यहां नशा मिल रहा है और उनके नौजवान बच्चे नशे की लत में पड़ चुके हैं। बार-बार शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
इस अवसर बोलते हुए पूर्व विधायक एन के शर्मा ने कहा कि हरसिमरत कौर बादल ने जो मुहिम शुरू की है उसमें उन्हें न केवल कामयाबी मिली है बल्कि उसे अंजाम तक भी पहुंचाया है। शर्मा ने कहा कि पंजाब में जब लड़कियों की संख्या लडक़ों के मुकाबले कम हो रही थी तो हरसिमरत कौर बादल ने राजनीति से हटकर नन्ही छां मुहिम चलाई तो पंजाब की महिलाओं में सामाजिक क्रांति आई। आज नशों के विरूद्ध शुरू किए गए अभियान में भी हरसिमरत कौर के साथ समूचे पंजाब की महिलाएं एकजुटता के साथ खड़ी हो गई हैं। इस अवसर पर बीबी परमजीत कौर लांडरा, बलविंदर कौर ईस्सापुर, मनीषा मलिक, मनजीत कौर, गुरप्रीत कौर बाजवा, ईशा बत्तरा, सलोचना देवी, सलिता सैनी, बलजिंदर कौर, अनिता कटारिया समेत कई महिला नेत्रियां मौजूद थी।