Haryana
आंदोलन और कानून के सहारे जेजेपी बचाएगी सीडीएलयू की बेशकीमती जमीन - दिग्विजय चौटाला
October 27, 2026 06:30 PM
जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने बड़ा खुलासा करते हुए कहा है कि चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा की 52 एकड़ जमीन को हरियाणा सरकार कौड़ियों के भाव प्राइवेट बिल्डर्स को देना चाहती है, मगर जेजेपी इस षड्यंत्र को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने देगी। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय का निर्माण इसलिए करवाया था कि ग्रामीण आंचल के विद्यार्थी अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सकें मगर प्रदेश की मौजूदा सरकार भूमाफिया को संरक्षित कर रही है और इसी कड़ी में ये भूमाफिया अब चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा की 52 एकड़ भूमि को एक गहरे षड्यंत्र रचकर हथियाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उपरोक्त जमीन के अधिकांश हिस्से पर चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय प्रशासन का कब्जा है।
दिग्विजय चौटाला ने कहा कि इस बारे जानकारी है कि सरकार सीडीएलयू प्रशासन पर दबाव बना रही है ताकि यूनिवर्सिटी प्रशासन इस मामले की आगे न्यायालय में पैरवी न कर सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का एक बड़ा प्रशासनिक अधिकारी इस षड्यंत्र को सिरे चढ़ाने के उद्देश्य से यहां सिरसा का दौरा भी कर चुका है। अब सरकार ने आगामी 9 दिसंबर तक यह जमीन मुजारों को सौंपने की बात कही है जबकि सरकार से संरक्षित भूमाफिया ने इन मुजारों से इस भूमि में से कुछ भूमि का औने पौने दामों में बॉन्ड भरवा लिया है और इन्हीं भूमाफिया को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार एडी चोटी का जोर लगाकर किसी भी कानूनी कार्रवाई न किए जाने को लेकर यूनिवर्सिटी प्रशासन पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय की बेशकीमती जमीन को बचाने के लिए न केवल बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी बल्कि कानूनी रूप से भी इसकी पैरवी करेगी।

