8 नवंबर को दिवाली पर्व के मद्देनजर प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा पटाखों के कारण होने वाली आगजनी और अन्य अप्रिय घटनाओं को रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने व्यापक सुरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस महानिदेशक, हरियाणा अजय सिंघल के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों को पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले वर्षों में पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों और खुदरा बिक्री केंद्रों पर आग लगने की घटनाओं को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही, बिना वैध लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण अथवा बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।
- *डीजीपी अजय सिंघल के सख्त निर्देश: दिवाली पर सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अवैध पटाखा कारोबार पर होगी कड़ी कार्रवाई*
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना हरियाणा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पटाखों के अवैध निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित निरीक्षण और विशेष निगरानी सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर यह सुनिश्चित करे कि दिवाली का पर्व प्रदेशभर में सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए।
**लाइसेंसधारक गोदामों और दुकानों का होगा निरीक्षण**
पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पटाखों के गोदामों, भंडारण स्थलों, बिक्री केंद्रों तथा पटाखों के परिवहन में इस्तेमाल होने वाले वाहनों और मार्गों की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित थाना प्रभारियों (SHOs) एवं राजपत्रित अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से दुकानों और गोदामों का निरीक्षण कर लाइसेंस की वैधता तथा सुरक्षा प्रबंधों की जांच करने को कहा गया है। पटाखों के भंडारण और बिक्री स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाने चाहिए। घनी आबादी वाले क्षेत्रों से दूर, पर्याप्त खुले स्थान वाले निर्धारित स्थलों पर ही भंडारण और बिक्री की अनुमति सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकलने में परेशानी न हो। खुदरा बिक्री के लिए भी केवल निर्धारित एवं पूर्व-चिह्नित स्थानों को ही अनुमति दी जाएगी।
- **अवैध कारोबार पर होगी कानूनी कार्रवाई**
हरियाणा पुलिस द्वारा जिला प्रशासन, आबकारी एवं कराधान विभाग, शॉप इंस्पेक्टरों तथा संबंधित विभागों की टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त निरीक्षण किए जाएंगे। बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण करने, अवैध रूप से भंडारण करने अथवा बिक्री करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- **बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी गश्त**
दिवाली के दौरान बाजारों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त और नाकाबंदी बढ़ाई जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, आगजनी की संभावित घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन विभाग और अस्पतालों को भी अलर्ट रहने तथा आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने को कहा गया है।
- **सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों की पालना अनिवार्य**
पुलिस अधिकारियों को सर्वोच्च न्यायालय, अन्य न्यायालयों एवं राज्य सरकार द्वारा पटाखों की बिक्री और उपयोग के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशों की सख्ती से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा किसी भी महत्वपूर्ण घटना या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस मुख्यालय को देने को कहा है। हरियाणा पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे दिवाली का पर्व सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही नियमानुसार पटाखे खरीदें तथा निर्धारित सुरक्षा नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अवैध भंडारण की सूचना तत्काल पुलिस को दें। त्योहार की खुशियां किसी की सुरक्षा के लिए खतरा न बनें, इसके लिए पुलिस और आमजन का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
- *पुलिस महानिदेशक, हरियाणा श्री अजय सिंघल की प्रदेशवासियों से पर्यावरण अनुकूल एवं सुरक्षित दिवाली मनाने की अपील*
पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे इस दिवाली खुशियों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि दीपावली प्रकाश, प्रेम और सद्भाव का पर्व है, इसलिए इसे पर्यावरण के अनुकूल एवं जिम्मेदारी के साथ मनाएं। पटाखों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए लोग इको फ्रेंडली दिवाली को प्राथमिकता दें तथा मिट्टी के दीये जलाकर और प्राकृतिक सजावट अपनाकर त्योहार की खुशियां साझा करें। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं से अपील की कि वे पटाखों से होने वाले प्रदूषण एवं दुर्घटनाओं के प्रति जागरूक रहें। श्री सिंघल ने कहा कि सुरक्षित, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।