चंडीगढ़। हरियाणा की बेटी और विश्व चैंपियन पहलवान मनीषा भानवाला ने अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि से न केवल हरियाणा, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। विश्व कुश्ती चैंपियनशिप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की पहली महिला पहलवान बनने की ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने वाली मनीषा भानवाला से मंगलवार को हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम ने चंडीगढ़ स्थित अपने निवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने विश्व चैंपियन मनीषा को शानदार सफलता के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि मनीषा भानवाला की यह उपलब्धि भारतीय कुश्ती के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगी। उन्होंने जिस मेहनत, लगन, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ विश्व मंच पर तिरंगे का मान बढ़ाया है, वह देश की लाखों बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मनीषा ने साबित कर दिया है कि अगर लक्ष्य के प्रति समर्पण और मेहनत करने का जज्बा हो तो कोई भी मंजिल असंभव नहीं है।
गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खिलाड़ियों के हितों को लेकर पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल उपकरण और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के अनुरूप तैयारियां उपलब्ध कराई जाएं, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर सकें।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की धरती ने हमेशा देश को बेहतरीन खिलाड़ी दिए हैं। कुश्ती, मुक्केबाजी, हॉकी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर काम कर रही है।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार की प्राथमिकता है कि खिलाड़ियों को केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें विश्व चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाए। प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार, खेल अकादमियों को प्रोत्साहन और प्रशिक्षण सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि मनीषा भानवाला आने वाले समय में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए और अधिक पदक जीतेंगी तथा युवा पीढ़ी को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
गौरव गौतम ने कहा कि मनीषा की यह ऐतिहासिक सफलता हरियाणा की खेल प्रतिभा, मेहनत और मजबूत खेल परंपरा का प्रमाण है। प्रदेश की सरकार अपने खिलाड़ियों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सफलता की यात्रा में हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।