हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची से संबंधित नोटिस एवं सुनवाई मामलों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रदेशभर में बुधवार को विशेष शिविर आयोजित कर लगभग 28,000 लंबित मामलों की सुनवाई की गई।
प्रदेश में SIR के तहत कुल 44,91,923 नोटिस जनरेट किए गए हैं, जिनमें से 3,15,173 मामलों की सुनवाई लंबित है। कुल लंबित मामलों का प्रतिशत 7.02 प्रतिशत है।
आयोग द्वारा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को लंबित सुनवाई मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने, प्रभावी मॉनिटरिंग करने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
9 अक्टूबर तक विशेष शिविर एवं घर-घर सर्वे
नोटिस की सुनवाई समय पर पूरी करने के उद्देश्य से 8 व 9 अक्टूबर को विशेष शिविरों एवं घर-घर सर्वे के दौरान संबंधित मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए जाएंगे। जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं और जिन्होंने अभी तक आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे निर्धारित अवधि में अपने दस्तावेज संबंधित अधिकारियों/बीएलओ के पास जमा करवाएं।
आयोग की ओर से सभी पात्र मतदाताओं से अपील की गई है कि जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं करवाए हैं, वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए अपने दस्तावेज बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को उपलब्ध करवाएं, ताकि सभी योग्य मतदाताओं के नाम 6 नवंबर, 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जा सकें।
आयोग का उद्देश्य है कि SIR प्रक्रिया के दौरान कोई भी योग्य मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसलिए नोटिस प्राप्त करने वाले सभी मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर सुनवाई में उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाने की अपील की गई है।