Sunday, September 27, 2026
Follow us on
BREAKING NEWS
• 138वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम का हुआ सामूहिक प्रसारण • सेवा संकल्प सेवा यात्रा का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया स्वागत • लुधियाना में बाबा बागेश्वर धाम सरकार की हनुमान कथा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लिया हिस्सा • वोट चोरी’ के आरोपों पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कर रहे प्रहार • 3 IAS अधिकारियों के तबादले एवं पोस्टिंग ऑर्डर्स जारी • चंडीगढ़: एक बार फिर भेजा गया धमकी भरा ईमेल , ईमेल में भाजपा के कई दफ्तरों को उड़ाने की दी गई धमकी, पंजाब में भाजपा का समर्थन न करने की बात कही गई ई मेल में बब्बर खालसा का जिक्र किया गया, पंचकूला में स्कूलों को उड़ाने की धमकी • महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप में स्वर्ण पदक जीत भारत के ताज में और सितारे लगा दिए हैं - ऊर्जा मंत्री अनिल विज • हरियाणा में सरपट दौड़ी सुधारों की ट्रेन , 8 प्राथमिक क्षेत्रों में सुधार लागू, 14 अन्य सुधार अगले माह तक होंगे लागू
Haryana

सेवा संकल्प सेवा यात्रा का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया स्वागत

September 27, 2026 10:25 PM

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने न कभी छुट्टी की चिंता की और न आराम को प्राथमिकता दी। उनके लिए 140 करोड़ देशवासी ही परिवार हैं। गरीब की पीड़ा, किसान की चिंता और युवा का सपना उनका अपना है। माताओं-बहनों का सम्मान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है, जबकि सीमा पर खड़े सैनिक का साहस उनका संकल्प है।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी रविवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा यात्रा (मोटरसाइकिल यात्रा) के स्वागत को लेकर महेंद्रगढ़ के गांव गोद में आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने यात्रा का स्वागत किया और कार्यक्रम के बाद हरी झंडी दिखाकर उसे आगे गंतव्य के लिए रवाना किया।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि यह यात्रा सेवा से संकल्प, संकल्प से सिद्धि और सिद्धि से विकसित भारत तक की यात्रा है। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़ इतिहास, पराक्रम, जन चेतना और राष्ट्रीय स्वाभिमान की धरती है। उन्होंने यात्रा का यहां पहुंचने पर स्वागत किया और इसे यादगार पल बताया।

 

उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरक जीवन-यात्रा का भी प्रतीक है। वडनगर उनकी जन्मभूमि है, जबकि वाराणसी उनकी कर्मभूमि है, जहां से भारत की विरासत और आधुनिक आकांक्षाओं को साथ लेकर विकसित भारत का संकल्प आगे बढ़ाया गया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने जीवन से जनसेवा को राजनीति का मूल उद्देश्य बनाया। 7 अक्तूबर, 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में दायित्व संभालने के बाद आगामी 7 अक्तूबर को उनकी जनसेवा के अविराम 25 वर्ष पूरे होंगे। उन्होंने कहा कि इस पूरे सफर में गरीब कल्याण और देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाना उनकी प्राथमिकता रही है।

 

*भारत आज डिजिटल क्रांति का नेतृत्व कर रहा है*

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद लाल किले से स्वच्छता का संदेश दिया गया। स्वच्छ भारत मिशन को गरीब के स्वास्थ्य, नारी की गरिमा और देश के सम्मान से जोड़ते हुए आगे बढ़ाया गया। उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब माताओं को धुएं से मुक्ति, जबकि हर घर बिजली, नल से जल, जनधन योजना और पक्के मकान के लिए अभियान चलाए गए। आयुष्मान भारत ने गरीब परिवारों को उपचार का भरोसा दिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि ने किसानों को आर्थिक संबल दिया और मुफ्त राशन ने संकट के समय करोड़ों परिवारों की रसोई का चूल्हा जलाए रखा।

 

उन्होंने कहा कि भारत आज डिजिटल क्रांति का नेतृत्व कर रहा है और यू.पी.आई. पूरी दुनिया के लिए उदाहरण बन चुका है। स्टार्टअप, अंतरिक्ष, ड्रोन, एआई, सेमीकंडक्टर, रक्षा उत्पादन और हरित ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में युवा देश की नई पहचान बना रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हमारा तिरंगा चंद्रमा के उस दक्षिणी ध्रुव के पास लहरा रहा है, जहां दुनिया का कोई देश पहले नहीं पहुंच पाया था। यह सफलता उस नए भारत के आत्मविश्वास की विजय है, जो कठिन से कठिन लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें प्राप्त करने का साहस रखता है। भारत अब दूसरों के बनाए रास्तों पर चलने वाला नहीं, बल्कि दुनिया को नए रास्ते दिखाने वाला राष्ट्र बन रहा है।

 

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत की नीति और पहचान बदली है। भारत शांति चाहता है, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं करता। आतंकवाद का जवाब उसके घर में घुसकर दिया जाता है। वीर सैनिकों को आधुनिक संसाधन दिए जा रहे हैं और रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भरता बढ़ी है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में बने रक्षा उपकरण आज दूसरे देशों तक पहुंच रहे हैं। अनुच्छेद 370 को हटाकर जम्मू-कश्मीर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा वन रैंक, वन पेंशन लागू कर पूर्व सैनिकों के अधिकार को सम्मान देने का काम हुआ है।

 

*देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया*

 

कोरोना महामारी के कठिन दौर को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब बड़े-बड़े साधन-संपन्न देश भी असहाय दिखाई दे रहे थे, तब प्रधानमंत्री ने भारत का नेतृत्व दृढ़ता और दूरदर्शिता से किया। भारतीय वैज्ञानिकों ने स्वदेशी वैक्सीन बनाई और देश में दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया गया।

 

उन्होंने कहा कि आज विश्व मंच पर भारत की आवाज सम्मान के साथ सुनी जाती है। जी-20 और हाल ही में हुए ब्रिक्स सम्मेलन की सफल अध्यक्षता ने भारत की संगठन क्षमता, संस्कृति और नेतृत्व को दुनिया के सामने रखा। भारत को आज एक विश्वसनीय साथी, समाधान देने वाले राष्ट्र और मानवता की मजबूत आवाज के रूप में देखा जाता है।

 

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह संदेश दिया है कि विकास और विरासत एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि एक-दूसरे की शक्ति हैं। देश में एक्सप्रेस-वे, वंदे भारत ट्रेनें, नए हवाई अड्डे, डिजिटल तकनीक और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी आधुनिक परियोजनाओं के साथ अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य व दिव्य मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक और सांस्कृतिक विरासत का पुनरुत्थान भी हो रहा है। भारत अपनी जड़ों पर गर्व करते हुए भविष्य की ओर बढ़ रहा है।

 

युवाओं को यात्रा का संदेश समझाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मोटरसाइकिल की गति के लिए ऊर्जा, दिशा के लिए संतुलन और मंजिल के लिए अनुशासन जरूरी है। इसी तरह जीवन में भी इन तीनों का महत्व है। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगाने, नशे, हिंसा, निराशा और नकारात्मकता से दूर रहने तथा खेल, पुस्तकालय, प्रयोगशाला, खेत, उद्योग और स्टार्टअप को अपनी कर्मभूमि बनाने का आह्वान किया।

 

उन्होंने यात्रा में शामिल साथियों से प्रत्येक पड़ाव पर सेवा का कोई कार्य करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यात्रा सेवा की ज्योति और राष्ट्रभक्ति का संदेश लेकर आगे बढ़े तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करे।

 

मुख्यमंत्री ने यात्रा में अनुशासन बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा करने की अपील की। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से यात्रा पर आशीर्वाद बनाए रखने की कामना करते हुए कहा कि सेवा का यह कारवां आगे बढ़ता रहे और राष्ट्रभक्ति की ज्योति हर हृदय में जलती रहे।

 

*गोद में बनेगी ई—लाइब्रेरी: मुख्यमंत्री*

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महेंद्रगढ़ के लिए कई अहम घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के मामले में इस क्षेत्र में कोई कमीं नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री ने नांगल चौधरी के पूर्व विधायक डॉ अभय सिंह यादव की मांग पर बलाह कलां गांव में जल घर को नहर से पाइपलाइन के माध्यम से जोड़ने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने गोद गांव में ई—लाइब्रेरी स्थापित करने, बलाह खुर्द में हनुमान सिंह के खेत से राजस्थान सीमा तक रास्ता पक्का करने और गांव बलाह खुर्द में बालाजी मंदिर के सामने ख़ाली ज़मीन पर व्यायाम शाला बनाने की भी घोषणा की।

 

*यात्रा में शामिल युवाओं के साथ मुख्यमंत्री ने किया संवाद*

 

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा में शामिल युवाओं के साथ संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री से यात्रा के राजस्थान से गुजरते वक्त के अनुभव भी सांझा किए।

 

उन्होंने बताया कि राजस्थान के जैसलमेर जिले के गांव नाचना में जब उनकी यात्रा पहुंची तो एक 90 वर्षीय वृद्ध ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से उनका मुफ्त इलाज हो पाया है।

 

इसी प्रकार जब वे बीकानेर जिले से गुज़रे तो एक महिला ने उन्हे बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में उन्हें घर में मुफ्त गैस उपलब्ध होने के साथ साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से रहने के लिए मुफ्त घर मिला है।

 

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस दौरान हरियाणा अंत्योदय परिवार उत्थान योजना के तहत एक महिला को हैप्पी कार्ड देकर सम्मानित किया। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, उज्ज्वला योजना, सम्मान भत्ता योजना के लाभार्थियों के विचार सुने और उन्हें सम्मानित भी किया।

 

*प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवाभाव को जन-जन तक पहुंचा रही संकल्प यात्रा : डॉ. अर्चना गुप्ता*

 

अपने संबोधन में बीजेपी की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की संकल्प यात्रा सेवा मित्रों के साथ राजस्थान की धरती से हरियाणा में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने कहा कि युवा साथी इस यात्रा में इसलिए शामिल हुए हैं, क्योंकि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन, त्याग और बलिदान के भाव को जीकर दिखाया है।

 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए वे मोटरसाइकिल यात्रा में निकले है। डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि दक्षिण हरियाणा में हरियाणा सरकार ने अनेक विकास कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस क्षेत्र के लिए नई योजनाएं लाने के साथ बाजरा उत्पादकों को लाभ देने के लिए कई काम किए है। सरकार ने भावांतर भरपाई जैसी व्यवस्था के माध्यम से किसानों को लाभ पहुंचाने का काम किया है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि हरियाणा में किसान जो भी बोएगा, उसकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सभी फसलों पर एमएसपी देने वाला पहला राज्य बना है और मुख्यमंत्री ने किसानों की उपज का एक भी दाना व्यर्थ न जाने देने का संकल्प लिया है।

 

 

*मोदी के नेतृत्व में देश की तस्वीर बदली, कनेक्टिविटी और विकास को मिली नई गति : धर्मबीर सिंह*

 

सांसद श्री धर्मबीर सिंह ने कहा कि 17 सितंबर से पूरे देश में खुशी का माहौल है और वडनगर से शुरू हुई संकल्प यात्रा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद, नक्सलवाद और कश्मीर तथा नॉर्थ ईस्ट से जुड़ी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण काम हुआ है। बदलते मौसम और बारिश की कमी के बीच नदियों को जोड़ने, वाटर बॉडी बनाने और भूजल स्तर को ऊपर लाने की दिशा में भी व्यवस्थाएं की गई हैं। सांसद ने कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात की कमान संभालने के बाद गुजरात की तस्वीर बदली और पिछले 12 वर्षों में देश में भी कनेक्टिविटी, रेल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में बदलाव आया है। आयुष्मान जैसी योजनाओं से लोगों को स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिला है।

 

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी भी प्रधानमंत्री की तरह दिनभर समस्याओं के समाधान में लगे रहते हैं। उन्होंने कहा कि हम सब को भी यहीं प्रण लेना चाहिए कि वे भी पूरा दिन देश के लिए काम करेंगे, ताकि देश आगे बढ़ सके और सबका साथ, सबका विकास के संकल्प को आगे बढ़ाया जा सके।

 

*दक्षिण हरियाणा में सरकार के प्रयास से मिले पानी की उपलब्धता से बदली कृषि की तस्वीर : पूर्व विधायक डॉ अभय सिंह यादव*

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक डॉ अभय सिंह यादव ने कहा कि सरकार ने दक्षिण हरियाणा के इस क्षेत्र को नया जीवन देने का काम किया है। वर्ष 2014 में जब सरकार आई थी, तब यहां पीने के पानी की कमी थी और खेती लगभग समाप्त हो गई थी। लोगों को अपनी फसल के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पानी की व्यवस्था किए जाने का परिणाम आज किसानों की खुशहाली के रूप में दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बीजेपी  सरकार ने जिले को मेडिकल कॉलेज, लॉजिस्टिक हब और 152-डी सहित नेशनल हाईवे जैसी महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। इन विकास कार्यों से क्षेत्र में सुविधाओं और कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।

 

इस दौरान राष्ट्रीय मंत्री श्री जय प्रकाश, विधायक श्री ओमप्रकाश यादव, श्री कंवर सिंह यादव, जिलाध्यक्ष श्री यतेंद्र राव, पूर्व डिप्टी स्पीकर श्री मती संतोष यादव, पूर्व विधायक श्री सीताराम यादव, श्री गोविंद भारद्वाज, गुजरात से सांसद श्री चंदू भाई सिरोहा, बीजेपी महामंत्री श्री वेद फूलां, श्री गोपाल शर्मा, युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्री अक्षय दहिया भी मौजूद थे।

Have something to say? Post your comment
More Haryana News
138वें ‘मन की बात’ कार्यक्रम का हुआ सामूहिक प्रसारण वोट चोरी’ के आरोपों पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज का राहुल गांधी पर पलटवार, बोले- लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कर रहे प्रहार
3 IAS अधिकारियों के तबादले एवं पोस्टिंग ऑर्डर्स जारी
चंडीगढ़: एक बार फिर भेजा गया धमकी भरा ईमेल , ईमेल में भाजपा के कई दफ्तरों को उड़ाने की दी गई धमकी, पंजाब में भाजपा का समर्थन न करने की बात कही गई ई मेल में बब्बर खालसा का जिक्र किया गया, पंचकूला में स्कूलों को उड़ाने की धमकी
महिला क्रिकेट टीम ने एशिया कप में स्वर्ण पदक जीत भारत के ताज में और सितारे लगा दिए हैं - ऊर्जा मंत्री अनिल विज
हरियाणा में सरपट दौड़ी सुधारों की ट्रेन , 8 प्राथमिक क्षेत्रों में सुधार लागू, 14 अन्य सुधार अगले माह तक होंगे लागू हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस पर मुख्यमंत्री ने शहीद राव तुलाराम को किए श्रद्धा सुमन अर्पित पानीपत के डाडोला में 53 लाख रुपए से बनेगा भव्य अंबेडकर भवन, गांव के विकास को मिलेगी नई रफ्तार एनएचएम के अनुबंध कर्मचारियों को बड़ी राहत अंतर-जिला पुनर्नियोजन के संबंध में नई दिशा-निर्देश जारी केएमपी एक्सप्रेसवे व 152 डी विकसित भारत-2047 की बनेंगे शान: राव नरबीर सिंह