हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने वहां की जनता के साथ जो वादे किए गए थे, वे ही पूरे नहीं हो रहे हैं। कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर हाथी के दांत दिखाने के कुछ और खाने के कुछ और वाली कहावत लागू होती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी, और जिस तरह से प्रदेश में विकास हो रहा है, वहां भी डब्बल इंजन की सरकार युवाओ के हित में काम करेगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी वीरवार को करनाल में 77वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के समापन के उपरांत मीडिया से रूबरू हो रहे थे। इस दौरान उन्होंने राज्यस्तरीय वन महोत्सव अभियान के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण और शुद्ध वायु के लिए एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाया है। पिछले दिनों प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जब आए तो प्रदूषण की रोकथाम के लिए देश ही पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाई, जो प्रदूषण रहित है। प्रदूषण को खत्म करने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर प्रयासरत हैं, इसी कड़ी में हरियाणा सरकार भी कारगर कदम उठा रही है।
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पंजाब में पेपर लीक का मामला दुर्भाग्यपूर्ण है। पंजाब में युवाओं की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है और युवाओं को अपमानित व उनके साथ धोखा किया जा रहा है,
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने मंच पर कहा था कि अगर उनके यहां पेपर लीक होता है तो सबसे पहले शिक्षा मंत्री का इस्तिफा लेंगे। परंतु अब सभी चुप हैं। पंजाब में पेपर लीक हो गया तो अब वहां ना तो आम आदमी पार्टी के लोग बोलते हैं, न कांग्रेस के।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के बच्चे सडक़ों पर हैं, और कोई बात सुनने वाला नहीं है। न तो पंजाब की सरकार बोल रही है और न ही राहुल गांधी बोल रहे है। दूसरी तरफ, देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामले पर संज्ञान लेते हुए कड़ा कानून बनाया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का आभार भी जताया।
एक अन्य सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने का काम कर रही है, कांग्रेस के समय 1986 में लोक सभा में केवल चर्चा की गई थी, बिल पास नहीं हुआ था और कोई कानून नहीं बना। लेकिन पीएम मोदी ने 2024 में कड़ा कानून बनाया। अगर कोई व्यक्ति बच्चों के जीवन के साथ खिलवाड़ करेगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और 10 करोड़ का जुर्माना और 10 साल की सजा भी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि श्री मोदी के प्रति जिस प्रकार के शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, और जो बच्चों ने बोले हैं, वो शब्द उनके अभिभावकों को भी अच्छे नहीं लगे हैं। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस युवाओं को किस दिशा में ले जाना चाहती है, क्या संस्कार देना चाहती है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के पास कोई मुद्दा नहीं है, सारा दिन झूठ बोलते है। कांग्रेस के 55 साल और श्री नरेंद्र मोदी के 12 साल की तुलना करने पर जमीन-आसमान का अंतर है।