कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में 5 मई को 'सशक्त नारी - सशक्त समाज - सशक्त राष्ट्र' विषय पर एक संगोष्ठी और प्रदर्शनी का आयोजन होगा। इस प्रदर्शनी में देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं की उपलब्धियों को दर्शाया जाएगा, जिन्होंने देश व समाज के लिए सराहनीय कार्य और उपलब्धियां हासिल की हैं। संगोष्ठी और प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी करेंगे।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो सोमनाथ सचदेवा ने आज अधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री केएम पांडुरंग ने 5 मई को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में सशक्त नारी, सशक्त समाज, सशक्त राष्ट्र विश्व पर आयोजित होने वाली संगोष्ठी और प्रदर्शनी में किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की और फीडबैक रिपोर्ट ली है।
महानिदेशक श्री केएम पांडुरंग ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ तमाम पुख्ता प्रबंध किए जाएं और समय रहते सभी तैयारियों को पूरा किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उन्होंने अधिकारियों को कुछ आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और सूचना जनसंपर्क और भाषा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में 5 मई को सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय पर संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी का मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोपहर करीब 12 बजे शुभारंभ करेंगे। उसके बाद संगोष्ठी का उद्घाटन करेंगे। इस प्रदर्शनी में लगभग 50 पैनल लगाए जाएंगे। इन पैनल्स पर देश, प्रदेश और कुरुक्षेत्र की उन महिलाओं के चित्र सहित उपलब्धियों को अंकित किया जाएगा। जिन महिलाओं ने समाज के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने कहा कि संगोष्ठी में विश्वविद्यालय के प्रयासों से विभिन्न गांवों में चलाए जा रहे स्किल सेंटर, सिलाई, कढ़ाई सेंटरों से लगभग 8 महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में वाद-विवाद प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर आने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा विश्वविद्यालय में चल रहे कला उत्सव में देश भर से पहुंची कलाकारों में से 8 महिला कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। इस संगोष्ठी में सशक्त नारी सशक्त समाज सशक्त राष्ट्र विषय को लेकर विश्वविद्यालय की तरफ से तैयार किए गए सोविनियर का भी विमोचन किया जाएगा।