प्रदेश के जनस्वास्थ्य आभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हिसार जिले के तलवंडी राणा गांव के ग्रामीणों को हिसार शहर तक शीघ्र, सुगम और सुरक्षित मार्ग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में सचिवालय स्थित अपने कार्यालय में हरियाणा नागरिक उड्डयन विभाग, लोक निर्माण विभाग, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में तलवंडी राणा के गणमान्य ग्रामीण भी उपस्थित थे।
बैठक में सरकार की अब तक की परियोजनाओं, हिसार एयरपोर्ट के निर्माण के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में आए बदलावों और तलवंडी राणा के ग्रामीणों के समक्ष आ रही परेशानियों बारे चर्चा हुई।ग्रामीणों ने बैठक में हिसार तक सुगम और सीधा रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि ग्रामीणों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तलवंडी राणा के ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं का भी पूरा ध्यान रख रही है।
बैठक के दौरान हरियाणा नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों ने एयरपोर्ट के समीप संभावित मार्गों के विकल्पों की जानकारी दी और हिसार एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तारीकरण की योजना से भी अवगत कराया। वहीं, पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने सड़क निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी और व्यवहारिक विकल्पों पर अपने सुझाव रखे। इस दौरान तलवंडी राणा के समीप उपलब्ध सरकारी भूमि, वन विभाग की जमीन, एयरपोर्ट की जमीन, धांसू रोड, रजवाहे के पास की जमीन सहित अन्य संभावित रूटों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया, ताकि ऐसा मार्ग चुना जा सके जो सुरक्षित, टिकाऊ और दीर्घकालिक समाधान प्रदान करे।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने निर्देश दिए कि लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल की अध्यक्षता में एक संयुक्त कमेटी का गठन किया जाए, जो सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए रिपोर्ट दें। यह कमेटी भूमि उपलब्धता, तकनीकी व्यवहार्यता और भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए व्यवहारिक और स्थायी विकल्प तलाशेगी। इस कमेटी में ग्रामीणों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ राजस्व विभाग, वन विभाग, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी शामिल होंगे, ताकि निर्णय प्रक्रिया पारदर्शी और सर्वसम्मत हो।
सड़क निर्माण को लेकर कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि यह केवल एक मार्ग का निर्माण नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर सड़क सुविधा से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि गतिविधियों को गति मिलेगी तथा क्षेत्र के युवाओं को नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध योजना तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने के निर्देश भी दिए।
श्री रणबीर गंगवा ने दोहराया कि सरकार समाधान तक अवश्य पहुंचेगी और तलवंडी राणा के ग्रामीणों को उनकी मांग के अनुरूप बेहतर, सुरक्षित और स्थायी सड़क विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। विकास और जनसुविधा के बीच संतुलन बनाते हुए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ इस दिशा में कार्य करेगी।
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, नागरिक उड्डयन विभाग की प्रधान सचिव श्रीमती पी अमनीत कुमार, पूर्व चैयरमैन श्री रणधीर सिंह धीरू, तलवंडी राणा रोड बचाओ संघर्ष समिति से एडवोकेट ओ.पी. कोहली सहित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।