हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल दुबई में आयोजित होने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती एवं उत्सव में शामिल होने के लिए दुबई पहुंचे। दुबई एयरपोर्ट पर पहुंचने पर अग्रवाल समाज के सम्मानित बंधुओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत करते हुए अपना स्नेह और सम्मान व्यक्त किया।
दुबई एयरपोर्ट पर मिले इस स्वागत से अभिभूत कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने अग्रवाल समाज के सभी बंधुओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विदेश की धरती पर अपने समाज के लोगों का इस तरह स्नेह और सम्मान मिलना बेहद सुखद एवं भावुक कर देने वाला अनुभव है। अपनों का अपनापन और आशीर्वाद हमेशा विशेष महत्व रखता है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव अपनी सामाजिक एकजुटता, सेवा भावना, उद्यमशीलता और परोपकार के कार्यों के लिए जाना जाता है। समाज के बंधुओं द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से उल्लेखनीय योगदान दिया जा रहा है। विदेशों में भी भारतीय संस्कृति, संस्कारों और सामाजिक मूल्यों को बनाए रखने में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि दुबई एयरपोर्ट पर मिला यह स्वागत उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। इस अभिनंदन और सम्मान के लिए उन्होंने अग्रवाल समाज के सभी सम्मानित बंधुओं का हृदय से धन्यवाद करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए अनमोल है।