भाजपा हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने मंगलवार को ओ.पी. जिंदल ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत में ‘इंटरनेशनल रिलेशंस’ पुस्तक के तृतीय संस्करण का विमोचन किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक सिविल सेवा एवं राज्य सेवा परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए उपयोगी साबित होगी और अंतरराष्ट्रीय विषयों की समझ विकसित करने में मदद करेगी।
पुस्तक का लेखन हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के कुलपति एवं उत्तराखंड के पूर्व पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, आईपीएस (सेवानिवृत्त) तथा फरीदाबाद के उप पुलिस आयुक्त डॉ. राजेश कुमार मोहन, आईपीएस ने किया है। कार्यक्रम में भारत के पूर्व राजदूत सुब्रत भट्टाचार्जी, आईएफएस (सेवानिवृत्त) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय संबंधों की समझ वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और समसामयिक विषयों को जानने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। ऐसी पुस्तकें विद्यार्थियों को विषय की गहराई समझने और व्यवस्थित ढंग से अध्ययन करने में सहायता करती हैं।
उन्होंने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सामग्री और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना आवश्यक है, ताकि वे अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर लक्ष्य हासिल कर सकें तथा भविष्य में देश की सेवा में योगदान दे सकें। डॉ. गुप्ता ने पुस्तक के लेखकों, विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों और आयोजकों को इस शैक्षणिक पहल के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. दबिरु श्रीधर पटनायक, अंतरराष्ट्रीय मामलों के शिक्षाविदों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी अपने विचार रखे। पुस्तक विमोचन के बाद अंतरराष्ट्रीय संबंधों के अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं में इसकी उपयोगिता पर चर्चा हुई।