प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने सोमवार को हिसार जिला के बरवाला में 3.5 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सिटी पार्क तथा शहीद स्मारक का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शहरों के विकास के साथ-साथ देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों के सम्मान को भी प्राथमिकता दे रही है। सिटी पार्क और शहीद स्मारक का निर्माण बरवाला के विकास को नई दिशा देने के साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सिटी पार्क शहरवासियों के लिए स्वच्छ, सुंदर और हरित वातावरण का केंद्र बनेगा। इससे लोगों को सुबह-शाम सैर करने, योग एवं व्यायाम करने और परिवार के साथ समय बिताने के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान मिलेगा। पार्क के विकसित होने से शहर की सुंदरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि किसी भी शहर का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वहां नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाओं के साथ स्वच्छ वातावरण, हरियाली और मनोरंजन के उचित साधन उपलब्ध हों। ऐसी परियोजनाएं न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाती हैं, बल्कि लोगों को प्रकृति के करीब आने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक होने का अवसर भी प्रदान करती हैं।
उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। शहीद स्मारक उनके अदम्य साहस, त्याग और राष्टï्र के प्रति समर्पण का प्रतीक बनेगा। यह आने वाली पीढिय़ों को देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देगा। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलें। इसके लिए बरवाला में अनेकों कार्य करवाए गए हैं और आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाने हैं। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि विकास और नागरिकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है। बरवाला में शुरू की गई विभिन्न विकास परियोजनाएं शहर के उज्ज्वल भविष्य की भावना को समर्पित हैं।
इस अवसर पर बरवाला एसडीएम अश्वीर नैन, नगर परिषद चैयरमेन रमेश बैटरीवाला, चेयरमैन मार्केट कमेटी प्रवीण सैनी, पूर्व चेयरमैन रणधीर सिंह धीरू, पवन शर्मा, शहीद भगत सिंह यादगार ट्रस्ट के प्रधान मोहन लाल सहित गणमान्य उपस्थित रहें।