हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में संकल्प अभियान का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य जन सेवा से राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागों द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं को पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है।
विकास एवं पंचायत मंत्री सोमवार को जींद में पत्रकारों से रूबरू होकर सरकार द्वारा चलाए जा रहे जन सेवा अभियान से संबंधित जानकारी दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि संकल्प अभियान के आगाज 17 सितम्बर को आशीर्वाद का दिया कार्यक्रम से शुरू किया जाएगा। इसके तहत जिला के विभिन्न पवित्र एवं धार्मिक स्थलों, सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों के मकानों, सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थानों, रेलवे स्टेशन, रानी तालाब सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आशीर्वाद का दिया केवल दीप प्रज्जवलन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह जनसेवा, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा। 17 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के माध्यम से चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित करवाई जाएंगी। इसके अनुसार जिला के सभी खंडों के साथ- साथ अव्वल रहने वाले विद्यार्थियों की जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। विजेता विद्यार्थियों पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नमो सेवा - अनकही कहानियां कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा कार्य, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में हुए बदलावों को 25-30 मिनट की सरल, भावनात्मक एवं संगीतमय नाट्य प्रस्तुति (नुक्कड़ नाटक) के माध्यम से गांव- गांव तक पहुंचाया जाएगा। इसके तहत स्कूल, कॉलेज, पंचायत और सार्वजनिक स्थानों पर स्थानीय भाषाओं में 18-20 कलाकारों की टोलियों द्वारा नाट्य प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम 25 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किये जाएंगे। इसका मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी आशा दीदियों का सम्मान करना है। बच्चों एवं माताओं से जुड़ी मोदी सरकार की पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी सरल एवं बोलचाल की भाषा में दी जाएगी। बच्चों के लिए छोटी-छोटी मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के पोषण के संबंध में कॉमिक बुक तथा माननीय प्रधानमंत्री जी का पत्र भी दिया जाएगा।
पंचायत मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की विभिन्न योजनाओं के कारण आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलवा आया है। सेवा की कहानी कार्यक्रम के माध्यम से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की कहानी को भी सांझा किया जाएगा। जो लोग इन कहानियों के वीडियो आदि बनाएंगे, उन्हें सोशल मीडिया एवं अन्य प्लेटफॉर्म पर शेयर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 07 अक्टूबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सरकार के मुखिया के तौर पर 25 साल पूरे होंगे। इस दिन को एतिहासिक बनाने के लिए सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ते हुए विकसित भारत 2047 का संकल्प लिया जाएगा। यात्रा का संचालन सुविधा अनुसार पैदल अथवा बाइक रैली के रूप में किया जाएगा। इसी प्रकार पूरे देश में 1000 स्थानों पर विकसित भारत 2047 का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनभागीदारी के माध्यम से 25 विभिन्न सेवा थीम से जुड़ी गतिविधियों को सम्पन्न करवाना है। हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो सेवा कार्य किए जाएगें। प्रतिभागी 25 गतिविधियों में से कोई एक सेवा कार्य चुन सकते हैं और स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप सेवा की थीम से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी शामिल की जा सकती हैं।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने बताया कि सेवा सेतु अभियान - सरकार आपके द्वार अभियान के तहत प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों में एक ही स्थान पर नागरिकों सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार सेवा के रंग-राष्ट्र के संग कार्यक्रम के अंतर्गत देश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर मानव समूह रंगोली के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्र प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि
सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, प्रोफेशनल्स और कॉरपोरेट इनोवेटर्स को जोड़ने के लिए पांच बड़े क्षेत्रीय इनोवेशन चैलेंज आयोजित करना है। इसके तहत शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप नेटवर्क और इनक्यूबेशन सेंटरों के सहयोग से ऑनलाइन आवेदन मंगवाकर श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम में देशभर से आए सरपंच और अन्य जनप्रतिनिधि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन 17 अक्टूबर 2026 को देश के चार स्थानों पर किया जाएगा। इसमें देशभर से हजारों सरपंच एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा कार्यकाल पर वीडियो प्रदर्शित किया जाएगा और विकसित भारत के संकल्प पर प्रस्तुति रखी जाएगी