पलवल में खेल सुविधाओं को आधुनिक एवं बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम में गत देर सांय जिले के पहले सिंथेटिक टेनिस कोर्ट का उद्घाटन हरियाणा के खेल, युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने किया।
यह बहुउपयोगी सिंथेटिक कोर्ट टेनिस के साथ-साथ नेटबॉल के अभ्यास एवं मुकाबलों के लिए भी उपयोग किया जा सकेगा। इससे जिले के खिलाडिय़ों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध होगी।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने कोर्ट का निरीक्षण करने के साथ खिलाडिय़ों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली। इस अवसर पर खेल विभाग के निदेशक राम मेहर सिंह भी मौजूद रहे। खेल राज्य मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य खिलाडिय़ों को केवल मैदान उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें आधुनिक सुविधाओं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण से युक्त बेहतर खेल वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।
इसके बाद खेल मंत्री ने पलवल के इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण कर वहां चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इंडोर स्टेडियम में सिंथेटिक कोर्ट तैयार किया गया है तथा इसे साउंड प्रूफ और वातानुकूलित बनाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने गंभीरता से लेते हुए खेल विभाग के निदेशक को उन्हें तुरंत दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए तथा खिलाडिय़ों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। स्टेडियम की सुविधाओं का नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
खेल राज्य मंत्री ने खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते हुए स्वयं उनके साथ टेनिस और नेटबॉल खेला। उन्होंने खिलाडिय़ों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और फिटनेस पर विशेष ध्यान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पलवल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और सरकार खिलाडिय़ों को बेहतर मंच, आधुनिक सुविधाएं एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।