हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का लक्ष्य हर नागरिक तक समय पर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से महेंद्रगढ़ जिले को चार नई एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस उपलब्ध कराई गई हैं। इन एंबुलेंसों के शामिल होने के बाद जिले में सरकारी एंबुलेंसों की संख्या 26 से बढ़कर 30 हो गई है, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सशक्त होंगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटना, हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक, गंभीर चोट तथा प्रसव संबंधी जटिल मामलों में शुरुआती एक घंटे का समय सबसे महत्वपूर्ण होता है। चिकित्सा विशेषज्ञ इसे 'गोल्डन ऑवर' कहते हैं। इस दौरान उचित उपचार मिलने से मरीज की जान बचाने की संभावना काफी बढ़ जाती है। नई एएलएस एंबुलेंसों के माध्यम से मरीजों को अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि नई एंबुलेंस आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इनमें वेंटिलेटर, डिफिब्रिलेटर, मल्टी-पैरामीटर मॉनिटर, ऑक्सीजन सपोर्ट और अन्य अत्याधुनिक जीवनरक्षक उपकरण उपलब्ध हैं। प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ रास्ते में ही मरीज की हृदय गति, रक्तचाप, ऑक्सीजन स्तर और अन्य महत्वपूर्ण संकेतों की निगरानी करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जीवनरक्षक उपचार भी उपलब्ध कराएगा।
मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार निवेश कर रही है। नए अस्पतालों के निर्माण, स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और एंबुलेंस नेटवर्क को मजबूत बनाने जैसे कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी व्यक्ति आपात स्थिति में समय पर उपचार से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा, ताकि प्रत्येक जिले के नागरिकों को बेहतर, त्वरित और विश्वसनीय चिकित्सा सुविधा मिल सके।