हरियाणा के सहकारिता मंत्री डाॅ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई को जींद आगमन हरियाणा के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित होगा। प्रधानमंत्री जींद की धरती से प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे और देश की पहली हाइड्रोजन आधारित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर भारत को हरित एवं आधुनिक परिवहन के नए युग में प्रवेश कराएंगे। उन्होंने कहा कि जींद में पहली बार इको फ्रेंडली रैली होगी, जिसको लेकर आमजन, कार्यकर्ताओं में भरपूर जोश और उत्साह है।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा गोहाना में मंगलवार को विश्राम गृह मे पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। सहकारिता मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि जींद से गोहाना होते हुए सोनीपत तक चलने वाली देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा के लिए गौरव का विषय है। यह केवल एक रेल परियोजना नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन टेक्नोलॉजी की दिशा में भारत के बढ़ते कदमों का प्रतीक है। हाइड्रोजन ट्रेन के माध्यम से हरियाणा देश के हाइड्रोजन हब के रूप में अपनी पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का हरियाणा दौरा प्रदेश में रिकॉर्ड इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश की निरंतरता को दर्शाता है। रेल, सड़क, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में एक साथ बड़े प्रोजेक्ट शुरू होने से हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी। इन परियोजनाओं से उद्योग, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों में तेजी से वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि भिवानी में पंडित नेकी राम शर्मा मेडिकल कॉलेज और नारनौल में महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक परियोजना शुरू होने से लंबे समय से चली आ रही यातायात और जाम की समस्या का स्थायी समाधान होगा। वहीं कुरुक्षेत्र में बनने वाला आधुनिक सिख म्यूजियम धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों को नई पहचान देगा।
सहकारिता मंत्री ने कहा कि दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा खंड, अंबाला-काला अम्ब ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर, जींद-गोहाना राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-352ए) ग्रीनफील्ड कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। इनसे यात्रा का समय कम होगा और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि हांसी-बरवाला फोरलेन और बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित करेंगी। मजबूत सड़क नेटवर्क प्रदेश में औद्योगिक विकास और रोजगार के नए अवसरों का आधार बनेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रहने वाली सरकार नहीं है, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता को उसका लाभ पहुंचाने में विश्वास रखती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा आधुनिक आधारभूत ढांचे, पारदर्शी प्रशासन और सुशासन का मॉडल बन रहा है। प्रधानमंत्री की सोच है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण दोनों साथ-साथ चलें। हाइड्रोजन ट्रेन इसी सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है, जो आने वाले समय में परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति का आधार बनेगी। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को जींद में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा विकास, विश्वास और जनभागीदारी का बड़ा संदेश देगी। यह दिन हरियाणा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज होगा, जब प्रदेश को नई ऊर्जा, नई गति और नए अवसरों की सौगात मिलेगी।