हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि 17 जुलाई को प्रदेश में विकास के नये युग का श्रीगणेश होगा। इस दिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जींद से देश की पहली हाईड्रोजन संचालित ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री करोड़ों रुपए की अन्य विकास परियोजनाओं का भी उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री का जींद दौरा प्रदेश के विकास का साक्षी बनेगा और प्रगति की नई इबारत लिखेगा।
मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी गुरुवार को जींद में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई जींद के साथ-साथ हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एकलव्य स्टेडियम के सामने ग्राउंड में इसी दिन विशाल जनसभा को सम्बोधित करेंगे और वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारम्भ भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भिवानी एवं नारनौल में नव निर्मित दो बडे़ श्रीराम मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे, साथ ही 10 किलोमीटर लम्बे कुरुक्षेत्र के एलिवेटिड रेलवे ट्रैक का शुभारम्भ करेंगे। इस ट्रैक के बनने से क्षेत्र वासियों को करीब आधा दर्जन रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री अम्बाला, काला अंब, ग्रीनफील्ड फोरलेन कॉरिडोर का विस्तार, दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस-वे के हरियाणा खंड का उद्घाटन, जींद गोहाना एन-एच 352ए, हांसी-बरवाला फोरलेन तथा बीकानेर-सिवानी-सोनीपत सड़क परियोजनाओं के विस्तार और कुरुक्षेत्र में अत्याधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे। इन सभी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास जींद में प्रस्तावित जनसभा से ही वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास से जींद 17 जुलाई को प्रदेश में नए विश्वास, विकास और भविष्य का संगम बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा हरियाणा में मजबूत आधारभूत ढांचा, औद्यौगिक एवं व्यापारिक गतिविधियों के भी नए अवसर और विस्तार को बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों को जहां परियोजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा वहीं स्वास्थ्य सेवाओं और मजबूत कनेक्टिविटी की सुविधाएं भी मिलेगी।