अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर हरियाणा सिविल सचिवालय के अधिकारियों व कर्मचारियों ने स्थानीय हरियाणा निवास में आयोजित योग उत्सव में भाग लिया और योगासन किए। इस मौके पर अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री विजेंद्र सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और योगाभ्यास किया। आयुष विभाग के योग प्रशिक्षकों ने अधिकारियों व कर्मचारियों को योग प्रोटोकॉल से जुडे विभिन्न योग करवाएं। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा कोलकाता में योग दिवस से जुड़े लाइव कार्यक्रम का लाइव प्रसारण को भी देखा गया। इस मौके पर सचिवालय स्थापना शाखा के स्पेशल सेक्रेटरी डॉ. मुनीष नागपाल ने अतिरिक्त मुख्य सचिव का स्वागत किया।
श्री विजेंद्र सिंह ने कहा कि योग उत्सव का उद्देश्य अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, एकाग्रता और कार्यक्षमता को भी बढ़ाता है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा योग को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ हरियाणा के निर्माण के उद्देश्य से विभिन्न स्तरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस मौके पर योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि योग तनाव को कम करने, शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने तथा विभिन्न बीमारियों से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।