सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि गढ़ी सांपला किलोई पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का गढ़ नहीं है। यह गढ़ 36 बिरादरी जनता है, जिसे वर्ष 2019 में भी जनता ने तोड़ा और आज पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच को चेयरमैन बनाकर तोड़ा है। भविष्य में भी इलाके के विकास के लिए जनता कमल खिलाएगी। उन्होंने इस जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं की मेहनत व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास नीति को दिया।
सहकारिता मंत्री एवं नगर पालिका सांपला के चुनाव प्रभारी डॉ अरविंद शर्मा ने पालिका चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण कोच की जीत उपरांत विजयी जुलूस में शामिल हुए। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर में निकाय चुनाव में भाजपा का कमल मजबूती के साथ खिला है और कांग्रेस पतन की तरफ बढ़ गई है। कार्यकर्ताओं की बूथ स्तर पर कड़ी मेहनत, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास नीति, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के कुशल संगठन प्रबंधन की बदौलत भाजपा ने नगर पालिका सांपला में यादगार जीत दर्ज की है। अब सांपला ट्रिपल इंजन की सरकार का भागीदार बन गया है, जिससे इस क्षेत्र में विकास परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी। पत्रकारों द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के गढ़ में सेंध लगाने के सवाल के जवाब में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री इस इलाके से बार-बार जीत रहे हैं। यह उनका नहीं जनता का गढ़ है। सांपला की जनता ने वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उनका गढ़ तोड़ा था और आज सांपला के महत्वपूर्ण चुनाव में भी भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री सैनी की नीतियों पर भरोसा करते हुए कमल का फूल खिलाने का काम किया है। आज कांग्रेस की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें अपने गढ़ में चुनाव मैदान में उतारने के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिला। उन्हें कहना पड़ा कि जो सांपला में भाजपा प्रत्याशी को हराएगा, उसे वोट डलवाएंगे। लेकिन जनता-जनार्दन ने पूर्व मुख्यमंत्री हुड्डा को दरकिनार करते हुए विकास की राह चुनते हुए भाजपा का साथ दिया है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सांपला की जनता से जो वायदे किए हैं, उसे मजबूती के साथ निभाएंगे और जनता के विश्वास पर खरा उतरेंगे। इस मौके पर भाजपा पालिका नवनिर्वाचित चेयरमैन प्रवीण कोच, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, अजय बंसल, मनमोहन गोयल, मार्किट कमेटी चेयरमैन उदयभान मलिक, मण्डल अध्यक्ष कपिल खत्री व बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे।