हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार हर नागरिक को शिक्षा, चिकित्सा और सुरक्षा प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध करवाने को लेकर संकल्पित है। हरियाणा शिक्षा के क्षेत्र में नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
श्री बेदी रविवार को रेवाड़ी के जैन पब्लिक स्कूल के 40वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार देश और प्रदेश में नागरिकों को सभी जरूरी सुविधाएं देने के उद्देश्य से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश के हर नागरिकों को शिक्षा, चिकित्सा और सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के सरकारी व निजी संस्थानों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाया जा रहा है। वहीं आवश्यकता अनुसार विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
उन्होंने इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन कमेटी की ओर से रखी गई मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया और उन्होंने स्कूल के होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र वितरित कर प्रोत्साहित भी किया।