हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा की। सरकार के पूरे राज्य में सबको साथ लेकर चलने वाले विकास और इंफ्रास्ट्रक्चर को बढ़ाने के अपने वादे को फिर से मजबूत किया।
मुख्यमंत्री ने गोहाना में आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में भारी भीड़ को संबोधित करते हुए खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की। उन्होंने ड्रेन नंबर 8 पर भगवान परशुराम विरासत पार्क के साथ जॉगिंग ट्रैक तथा ज़मीन मुहैया करवाने पर पीपीपी मोड पर कमर्शियल के साथ एक मल्टी-स्टोरी पार्किंग भी बनाने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने भगत फूल सिंह गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज खानपुर कलां में पीपीपी मोड पर एक कार्डियक कैथ लैब बनाने का ऐलान किया। उन्होंने यह भी कहा कि बिल्डिंग बनने के बाद एकेडमिक सेशन 2027-28 से इस संस्थान में फिजियोथेरेपी कॉलेज की कक्षाएं शुरू की जाएंगी।
सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा द्वारा आयोजित की गई जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नागरिकों की सुविधा के लिए दूसरे इंफ्रास्ट्रक्चर को मज़बूत करने के उद्वेश्य से कई आवश्यक घोषणाएं की। इनमें भूमि उपलब्धता के आधार पर सोनीपत रोड पर शिवधाम बनाने, महम रोड पर बिजली का नया 33 केवी सबस्टेशन बनाने और खानपुर कलां में 33 केवी सबस्टेशन को अपग्रेड करना शामिल है। उन्होंने जनगणना, परिसीमन और एसआईआर का कार्य पूरा होने के बाद खानपुर कलां सब-तहसील को तहसील में अपग्रेड करने, बरोदा और फरमाना को सब-तहसील बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों के प्रस्ताव पर गांव गढ़ी उजालेखां का नाम बदलकर कृष्ण नगर और गांव गढ़ी नामदारखां का नाम सुंदर नगर रखने की भी घोषणा की।
पर्यटन और शहरी विकास को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा दो एकड़ ज़मीन उपलब्ध कराए जाने पर गोहाना में एक टूरिज्म रिसॉर्ट बनाया जाएगा। एचएसवीपी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। इसके अलावा गोहाना में बनाए जाने वाले सेक्टरों में सामाजिक संस्थाओं के लिए प्लॉट निर्धारित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे के साथ गांव रुखी से आहुलाना तक सर्विस लेन बनाने के लिए नेशनल हाईवे से अनुमति ली जाएगी। गोहाना में सिंचाई भवन, जल शक्ति भवन और रेस्ट हाउस का नवीनीकरण किया जाएगा। बडोता बस्ती क्षेत्र से गुज़रने वाली ड्रेन नंबर 4 को पक्का किया जाएगा और गोहाना माइनर को फिर से बनाया जाएगा। पूरे विधानसभा क्षेत्र में अलग-अलग नालों पर पुलों के नवीनीकरण और निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मिडिल स्कूल गढ़ी सराय नामदारखां को सीनियर सेकेंडरी स्तर पर अपग्रेड करने पर विचार करने के लिए शिक्षा विभाग की एक कमेटी बनाई जाएगी। गोहाना विधानसभा क्षेत्र के सभी स्कूलों में 1 करोड़ रुपये की राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने पेयजल सरंचना को मजबूत करने के लिए महिपुर-कवरेड़ी गांवों में 8 करोड़ रुपए की लागत से नहर आधारित पेयजल कार्ये की घोषणा की। खानपुर कलां में 5.5 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल सप्लाई और सीवर पाइपलाइन बिछाई जाएगी। सरकथल, बडोता, किलोहड़त और डोढवा रतनगढ़ गांवों में भी 12.50 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल लाइन बिछाई जाएगी। खेड़ी दमगन में पाइपलाइन के साथ दो गहरे ट्यूबवेल लगाए जाएंगे तथा हसनयारपुर, तिहाड़कलां और बड़वासनी गांवों में महात्मा गांधी ग्रामीण बस्ती योजना के तहत पाइपलाइन भी बिछाई जाएगी।
उन्होंने गोहाना की नई अनाज मंडी में कवर्ड शेड और प्लेटफॉर्म बनाने की भी घोषणा की। मार्केटिंग बोर्ड की सड़कों की 5 करोड़ रुपये की लागत सेे मरम्मत और नवीनीकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोहाना के वैकल्पिक पश्चिमी बाईपास के लिए ई-भूमि पोर्टल पर किसानों की सहमति से 50 प्रतिशत ज़मीन पहले ही मिल चुकी है और बाकी ज़मीन मिलते ही काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने लोगों से इस प्रोजेक्ट के लिए बाकी ज़मीन देने की भी अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए गोहाना-बड़ौदा रोड पर अंडर ब्रिज और गोहाना-महम रोड पर ओवर ब्रिज बनाने के लिए रेल मंत्रालय से अनुमति ली जाएगी।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की सात सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण के लिए 6.90 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा, 101 किलोमीटर लंबी 34 सड़कों की मरम्मत की जाएगी। मुख्यमंत्री खेत खलिहान योजना के तहत, 25 किलोमीटर लम्बे कच्चे ग्रामीण रास्तों को पक्का किया जाएगा।
उन्होंने गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांवों में अलग-अलग विकास कार्यों के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। गोहाना नगर परिषद की म्युनिसिपल लिमिट बढ़ाने की मांग पर, उन्होंने भरोसा दिलाया कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा।
इस मौके पर कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।