भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि भाजपा देश के अंदर आत्मनिर्भर भारत अभियान चला रही है। यह अभियान देश के 17 हजार मंडलों में शुरू हो रहा है और यह अभियान पूरे महीना चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत का जो संकल्प है उसे देश के 140 करोड़ लोगों के साथ मिलकर पूरा करना है। विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए आत्मनिर्भर भारत बनना जरूरी है। श्री चुघ ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के माध्यम से एक बड़ा माइल स्टोन खड़ा करना। यह बातें राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने रविवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता के निवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
पंचकूला पहुंचने पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ का स्वागत किया। इस मौके पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी मौजूद रहे। श्री चुघ आज पंचकूला में हरियाणा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी के निवास पर भी पहुंचे और यहां कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत भी की।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने कहा कि हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल के नजदीक है। पीएम मोदी ने अपने जीवन का एक बहुत समय इस धरती पर गुजारा है। यहां के इंफ्रास्ट्रक्चर के डवलपमेंट से पीएम मोदी का विशेष लगाव है। पिछले 11 वर्षों में पीएम मोदी ने मेहनत की पराकष्ठा करके भारत के अंदर इंफ्रास्ट्रक्चर को नई क्रांति दी है।
तरुण चुघ ने कहा कि हमारी सरकार आतंकवाद हो या फिर नक्सलवाद का पूरा नाश वचनबद्धता के साथ कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का मूल मंत्र है ‘‘छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नही’’ और यह हमने आपरेशन सिंदूर के जरिए दुनिया को स्पष्ट कर दिया। उन्होंने कहा कि जो आतंकी हमारे निर्दोष नागरिकों की हत्या करेंगे तो वे दुनिया के किसी भी कौने में छिप जाए चाहे वो कराची, भागलपुर हो या फिर लाहौर भारत की मिसाइल उनको मिट्टी में मिलाएगी और मिला भी रही है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री चुघ ने कहा कि मोदी सरकार के लिए देश की आतंरिक और बाहरी सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। घुसपैठिये भारत की डेमोग्राफी को चेंज करने का षड़यंत्र रच रहे हैं। डेमोग्राफी को चेंज करने के लिए लगातार विदेशी घुसपैठ हो रही है। दुर्भाग्य है कुछ नेता व राज्य सरकारें घुसपैठियों को शरण दे रही हैं और पाल पोस रही है।
तरुण चुघ ने कहा कि बंगाल के अंदर ममता बनर्जी, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव जैसे नेता देश के अंदर घुसपैठियों के बचाव के लिए यात्राएं निकाल रहे हैं। श्री चुघ ने कहा कि देश के संसाधनों पर देश के ही गरीबों का अधिकार है और इस अधिकार पर किसी घुसपैठियों को घुसने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र का आधार हमारा वोट है, हमारे संविधान में स्पष्ट लिखा है कि वोट का अधिकार केवल भारतीय को है।
इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए तरुण चुघ ने कहा कि एसआईआर के लागू होने से इंडी गठबंधन और उसके सहयोगियों में छटपटाहट तथा चिलचिलाहट हो रही है और यह चिलचिलाहट बता रही है कि एसआईआर से घुसपैठियों के नाम डिलिट होने वाले हैं उससे इंडी गठबंधन और सहयोगी दलों में भगदड़ मची है। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों का वोटर बनना लोकतंत्र के लिए कैंसर है। भारत के लोकतंत्र को किसी भी सूरत में इस कैंसर से ग्रस्त नहीं होने देंगे।