मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में सेवा पखवाड़ा के दौरान किए जाने वाले कार्यक्रमों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लगभग दो दर्जन से अधिक कार्यक्रमों को उपस्थित मंत्रियों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों और पदाधिकारियों के सामने रखा। इस कार्यशाला में भाजपा और सरकार द्वारा आगामी दिनों में किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों को विस्तार से रखा और उनकी रूपरेखा सभी को समझाई। मुख्यमंत्री ने जहां सरकार के स्तर पर किए जाने वाले शानदार विकास कार्यो व सेवा कार्यों के बारे में बताया वहीं भाजपा की तरफ से प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने संगठन स्तर पर किए जाने वाले कार्यक्रमों को सभी के सामने रखा।
यहां प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने आत्मनिर्भर भारत विषय पर बोलते हुए बताया कि किस तरह से मोदी और नायब सरकार की कल्याणकारी नीतियों को इस दौरान जनता के सामने रखना है। वहीं राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने वन नेशन, वन इलेक्शन की खूबियां भी कार्यशाला में उपस्थित नेताओं को गिनाई।
कार्यशालाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर सेवा पखवाड़ा के दौरान जनता की सेवा करेंगे। उन्होंने कहा कि पड़ौसी राज्यों में घातक वर्षा हुई है जिसके कारण गांव गांव उजड़ गए हैं। यह बहुत भारी प्राकृतिक प्रकोप था। नायब सैनी ने कहा कि भाजपा पार्टी के संस्कारों को आगे बढ़ाते हुए कोरोना काल की तरह हम सभी को मिलकर बाढ़ से प्रभावित लोगों की सेवा करनी है। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में बाढ़ ग्रस्त इलाकों में सेवा कर रहे कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों का धन्यवाद किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा की ओर से राहत सामग्री पंजाब और हरियाणा भेजी गई है तथा अभी और भी राहत सामग्री भेजी जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हमने प्रदेश को नशा मुक्त और प्लास्टिक मुक्त बनाना है। गांवों व शहरों में स्वच्छता अभियान व पौधारोपण अभियान चलेगा। इस पखवाड़े के दौरान गांव की फिरनियों को पक्का करने का निर्णय सरकार ने लिया है। सेवा पखवाड़ा के दौरान अभियान चलाकर हर बच्चे का स्कूल में दाखिला कराया जाएगा। बारिश से जिनके मकानों को क्षति पहुंची है उन्हें सरकार की ओर आर्थिक सहायता दी जाएगी। हमारा लक्ष्य प्रदेश के हर गरीब व्यक्ति तक पहुंचना है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि जो गांव पराली जलाने से मुक्त होंगे उन गांवों को सोलर लाईट से जगमग किया जाएगा। पखवाड़ा के अंतर्गत गांवों में सौंदर्यीकरण के कार्य भी होंगे। अमृत सरोवरों की साफ सफाई और वहां पौधे रोपित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने 75 पार्कों को नमो पार्क के नामकरण का भी निर्णय लिया है। एक पेड़ मां के नाम लगाते हुए प्रदेश में 4 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खादी को प्रोत्साहित करने के लिए 2 अक्टूबर को बड़े मेले का आयोजन होगा जो एक सप्ताह तक चलेगा। 27 सितंबर को ग्रामीण विकास सहकारिता विभाग, कॉपरेटिव विभाग बड़े कार्यक्रम करेंगे। आम जनता को लाभ मिले इसकी पूरी योजना रचना तैयार की गई है। उन्होंने 28 सितंबर को श्रम विभाग द्वारा कार्यक्रम होंगे जिनमें श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी और हर लेबर चौक पर श्रमिकों में मिठाईयों का वितरण होगा।
सीएम सैनी ने कहा कि एक अक्टूबर को 7500 लोगों को 100-100 गज के प्लॉट दिए जाएंगे। दो अक्टूबर को शिक्षा विभाग युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। शिक्षा विभाग हर स्कूल में 75 पौधे लगाने का कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि 75 विद्यालयों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन पर आधारित पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। अभियान चलाकर छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिक व अर्द्धसैनिक कल्याण विभाग सेना के कोर के हिसाब से पुनर्मिलन कार्यक्रम आयोजित करेगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सैनिकों को एकत्रित करके मिलन कार्यक्रम कराना है। शहीदों के नाम पर पौधारोपण कार्यक्रम होगा और भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों को आमंत्रित किया जाएगा।
श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा का ग्रह विभाग प्रदेश में पुलिस और जनता के बीच संवाद कार्यक्रम करेगा ताकि जनता और पुलिस के बीच का गैप समाप्त किया जा सके। इसके अतिरिक्त गृह विभाग नशा मुक्ति और पराली ना जलाने के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण विभाग भी 75 गांवों को चिन्हित कर सम्मेलन करेगा जिसमें किसानों को फसलों, बीजों और पैदावार के बारे में जागरूक किया जाएगा।
बॉक्स
*सभी के सहयोग से आत्मनिर्भर बनेगा भारत : डा. सतीश पूनिया*
भाजपा प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भर बन रहा है। युवा खुद के रोजगार अपनाने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा के दौरान हमें लोगों को स्वदेशी अपनाने के लिए जागरूक करना है। भारत आत्म निर्भर बनें इसके लिए हम सभी को सहयोग करना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान चलेगा जिसमें सभी को पूरा सहयोग करना है। डा. पूनि ने कहा कि देश आत्मनिर्भर बनें इसके लिए लोगों को स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल के लिए प्ररित करें।
*जनता के बीच सेवा का काम करेंगे भाजपा के कार्यकर्ता : : बड़ौली*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि सेवा ही संगठन है के मूलमंत्र पर चलते हुए सभी कार्यकर्ताओं को काम करना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा हमारे लिए पर्व की तरह है, इसलिए हमें घर-घर तक जाना है और लोगों को सेवाएं उपलब्ध करानी है। उन्होंने कहा कि इस पखवाड़े के दौरान बड़े-बड़े कार्यक्रम होंगे जिनके माध्यम से हर वर्ग के लोगों से जुड़कर सुविधाएं पहुंचाई जाएगी। श्री बड़ौली ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सीधा सेवा का कार्य करें।
*देश में एक साथ चुनाव होना राष्ट्र हित में है : धनखड़*
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़ ने कार्यशाला में वन नेशन, वन इलेक्शन विषय पर बोलते हुए कहा कि देश में एक साथ चुनाव होना राष्ट्र हित में है। श्री धनखड़ ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से धन की बर्बादी होती है और विकास कार्यों की गति रूक जाती है। उन्होंने कहा कि एक बार चुनाव होंगे तो देश की विकास की गति तेज होगी और हर कार्य समय पर पूरे होंगे। श्री धनखड़ ने कहा कि देश में एक साथ चुनाव होने से सरकार का अमूल्य समय और धन बचेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने हम सभी को अग्रणी भूमिका निभानी होगी। कार्यशाला में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के संयोजक योगेंद्र राणा, प्रदेश महामंत्री डा. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री व प्रदेश महामंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया आदि मौजूद रहे।