हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को बूथ नंबर-28 पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘‘पंच कमल’’ में कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय ‘‘मन की बात कार्यक्रम’’ को सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘‘मन की बात कार्यक्रम’’ ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक होता है। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नवीन गर्ग, प्रवीण अत्रे, पार्षद सुरेश वर्मा, जिला उपाध्यक्ष टोनी सहित मंडल अध्यक्ष व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘‘मन की बात’’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रतिभावान लोगों की प्रतिभा, हमारी संस्कृति और महान व्यक्तियों के व्यक्तित्व से देश के लोगों को अवगत कराते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर महीने के अंतिम रविवार को ‘‘मन की बात कार्यक्रम होता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी विभिन्न क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाने वाले लोगों के प्रेरणादायक कार्यों के बारे में बताते हैं जिससे लोगों को प्रेरणा मिलती है और देश भी आगे बढ़ता है।
सीईटी की परीक्षा के बारे में बोलते हुए नायब सिंह सैनी ने कहा कि परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत और परेशानी ना आए इसका पूरा ध्यान रखा गया है। यातायात से लेकर हर तरह की व्यवस्थाएं सरकार ने परीक्षार्थियों को उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि बिना दबाव और खुशनुमा माहौल में हमारे युवाओं ने सीईटी की परीक्षा दी है। श्री सैनी ने कहा कि पुलिस, रोडवेज, प्रशासन के कर्मचारियों और अधिकारियों ने तन्मयता और निष्ठा से कार्य किया है जिसके लिए वे सभी बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सीईटी की परीक्षा को पूरे हरियाणा ने पर्व के रूप में मनाया है। उन्होंने कहा कि सीईटी की परीक्षा को सफलता पूर्व संपन्न कराने के लिए हमारी टीम ने मिशन मोड पर काम कार्य किया है। एक सवाल पर बोलते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कोई भी कार्य हो उसमें चैलेंज होता है, लेकिन जब उस कार्य को टीम रूप में किया जाता है तो चैलेंज आराम से पूरा हो जाता है।
*एक पेड मां के नाम अभियान के तहत मुख्यमंत्री ने लगाया रूद्राक्ष का पौधा*
मन की बात कार्यक्रम को सुनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भाजपा प्रदेश कार्यालय पंच कमल के प्रांगण में रूदाक्ष का पौधा लगाया। इस मौके पर उन्होंने संदेश दिया कि हमें पर्यावरण के संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि आप सभी लोग हर शुभ अवसर पर पेड़ पौधे लगाने का संकल्प लें और खुद भी पौधा रोपण करें और दूसरों से भी कराएं।