Haryana
संविधान दिवस पर चंडीगढ़ के सुरेंद्र वर्मा राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के समारोह में हुए सम्मानित
November 28, 2026 07:09 PM
संविधान दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ (आरपीएम) की ओर से नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में चंडीगढ़ से नेशनल मीडिया कन्फेडरेशन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्हें पत्रकारिता एवं मीडिया क्षेत्र में उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 1008 महामंडलेश्वर सरितानंद जी महाराज उपस्थित रहे। वहीं, प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य छायाकांत नायक, माता-पिता सेवा आश्रम की अध्यक्ष लक्ष्मी भंडारी और राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पबित्र मोहन सामंतराय सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
इस अवसर पर सुरेंद्र वर्मा ने सभी को संविधान दिवस की बधाई देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की नींव है और इसकी मूल भावना को बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और पत्रकारों को निष्पक्षता, निर्भीकता तथा जिम्मेदारी के साथ जनहित के मुद्दों को उठाना चाहिए। उन्होंने पत्रकारों की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए सभी मीडिया संगठनों को मिलकर प्रयास करने चाहिए।
समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों और मीडिया संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारिता एवं समाज सेवा के क्षेत्र में योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह का समापन संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

