हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'हरियाणा उदय' कार्यक्रम के तहत सिरसा जिले के कालांवाली में आयोजित भव्य 'नशा मुक्त हरियाणा' मैराथन के 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 21 किलोमीटर की दौड़ के विजेताओं को सम्मानित किया और युवाओं को खेलों व शिक्षा की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य 'नशा मुक्त हरियाणा' बनाना है। उन्होंने नशा तस्करों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि किसी को भी हमारी युवा पीढ़ी को नशे के दलदल में धकेलने का अधिकार नहीं है। ऐसे असामाजिक तत्व या तो नशे का कारोबार छोड़ दें या हरियाणा छोड़ दें, अन्यथा सरकार उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने बताया कि सरकार की सख्त नीतियों के तहत अब तक नशा कारोबारियों की लगभग 94 करोड़ रुपए की संपत्ति सीज की जा चुकी है।
*नशा मुक्ति केंद्रों और स्वयं सहायता समूहों की सराहना*
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, सिविल अस्पतालों और नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से लाखों युवाओं को नशे के चंगुल से बाहर निकालकर मुख्यधारा में जोड़ा गया है। उन्होंने माताओं और बहनों की सराहना करते हुए कहा कि वे स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपने परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। इस दौरान स्थानीय महिलाओं द्वारा मुख्यमंत्री को दही खिलाने पर उन्होंने इसे "दूध-दही का खाना" की गौरवशाली हरियाणवी परंपरा से जोड़ते हुए युवाओं से नशे की जगह पौष्टिक आहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को समय दें और यदि कोई बच्चा गलत संगत में पड़ जाए तो उससे दूरी बनाने के बजाय मित्र बनकर उसे नशे की आदत से बाहर निकालें।
*सिरसा के किन्नू को जीआई टैग और किसानों को बधाई*
कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर किसानों को बधाई दी और बताया कि किन्नू प्रोसेसिंग प्लांट पर भी तेजी से काम चल रहा है। साथ ही, इस बार हुई बंपर फसल और अच्छे भाव मिलने पर किसानों ने भी हरियाणा सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी द्वारा दिखाए गए सब्जबाग चुटकुलों में तब्दील हो गए हैं और 5 साल चुटकुले ही चलते रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया और वहां भय का ऐसा वातावरण है कि यदि कोई मां या व्यक्ति शिकायत करने जाता है तो शिकायत लिखने के बजाय उसी के खिलाफ पर्चा दर्ज हो जाता है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लिस्ट इसलिए जल्दी जारी की ताकि उनके प्रत्याशी इधर-उधर न हो जाएं या भाग न जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के किसान, युवा, बहनें, व्यापारी और इंडस्ट्री में कमी नहीं है, बल्कि कमी पंजाब सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति और नीयत में है। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब के लोग चुटकलों, भ्रष्टाचार, नशा फैलाने और झूठे वादे करने वाली सरकार को बाहर का रास्ता दिखाएंगे। लोगों के सहयोग से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत 2047' के संकल्प को साकार करने में हरियाणा प्रमुख भूमिका निभाएगा और 'ग्रोथ इंजन' के रूप में काम करेगा, तथा पंजाब में भी डबल इंजन की सरकार बनेगी।