महर्षि वेद व्यास की कर्मस्थली व्यासपुर स्थित तीर्थराज कपालमोचन में 20 नवंबर को श्री कपालमोचन-श्री आदिबद्री मेले, प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत उद्घाटन करेंगे तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
मुख्य मेला प्रशासक एवं उपायुक्त प्रीति ने बताया कि 20 से 24 नवंबर 2026 तक यमुनानगर में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक अंतरराज्यीय श्री कपालमोचन-श्री आदिबद्री मेले की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिले के प्रबंधन समितियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें की गई हैं। मेले में पूर्ण सहयोग करने तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि इस बार मेले को आकर्षक बनाने के लिए पहले दिन 20 नवंबर को प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। हिंद दी चादर कार्यक्रम के साथ लाइट एंड ड्रोन शो माध्यम से मेले को आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से रूबरू करवाया जाएगा।
*पॉलीथिन मुक्त एवं जीरो वेस्ट मेले में करें सहयोग*
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त शौचालय, मेडिकल स्टॉल तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आदिबद्री एवं लोहगढ़ तक भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समुचित प्रबंध किए गए हैं।
मेला प्रशासक ने कहा कि मेले के दौरान और समापन के बाद सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए कर्मियों की विशेष टीम एनएसएस व स्वयं सेवकों की टीमों को भी लगाया गया है। प्रशासन द्वारा मेले के समापन के बाद विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें, ताकि मेला परिसर को स्वच्छ रखा जा सके।
उपायुक्त ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि मेले को जीरो वेस्ट एवं पॉलीथिन मुक्त बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। प्लास्टिक एवं पॉलीथीन का इस्तेमाल न करें तथा इसके स्थान पर कपड़े या जूट के थैलों का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल मेला आयोजित करना प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक श्रद्धालु की भी जिम्मेदारी है।
*भंडारे एवं पानी की सेवा के लिए प्रशासन से करें संपर्क*
उपायुक्त ने बताया कि जो श्रद्धालु भंडारे एवं पानी की सेवा तथा स्टॉल के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा तथा एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह से संपर्क कर सकते हैं। लंगर की गाडिय़ों के लिए विशेष सुविधा पास जारी किए जाएंगे। लंगर सामग्री छोडऩे के बाद गाडिय़ों को वापस निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करना होगा, ताकि मेले में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।