कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत रविवार को तोशाम और हांसी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके प्रतीकात्मक पुतले दहन किए गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष को और तेज करने का संकल्प लिया। दोनों स्थानों पर सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस का यह राष्ट्रव्यापी अभियान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। हरियाणा में कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पार्टी कार्यकर्ता इस अभियान को गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय हैं।
*भाजपा बताए, लोकतंत्र बचाने की लड़ाई से उसे परेशानी क्यों : संजय दत्त*
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को कांग्रेस की नौटंकी बताते हुए इसका विरोध करने की बात कही है।
संजय दत्त ने कहा कि भाजपा को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान से परेशानी क्यों हो रही है। क्या भाजपा इस देश से लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है? क्या जनता की आवाज उठाना और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करना अब भाजपा की नजर में नौटंकी हो गया है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश के संविधान, लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनता के वोट की ताकत की रक्षा के लिए आवाज उठा रही है। यदि भाजपा को लगता है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष है और मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं हुई है, तो उसे सवाल उठाने वालों को बदनाम करने के बजाय निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाने चाहिए।
संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की मांग स्पष्ट है—देश में चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता को लेकर जनता का विश्वास मजबूत हो। निष्पक्ष चुनाव के माध्यम से सत्ता में आने वाली किसी भी सरकार के जनादेश का कांग्रेस सम्मान करेगी। लेकिन चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए चलाए जा रहे अभियान को बदनाम करने की कोशिश स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देश की जनता भाजपा की राजनीति और उसके तौर-तरीकों को अच्छी तरह समझ चुकी है। जनता को अब खोखले नारों और भ्रामक प्रचार से गुमराह नहीं किया जा सकता। कांग्रेस का यह अभियान किसी एक राजनीतिक दल के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के मताधिकार और लोकतंत्र की मजबूती से जुड़ा हुआ है। कांग्रेस इस लड़ाई को गांव-गांव और ब्लॉक स्तर तक लेकर जाएगी।
*लोकतंत्र की रक्षा के लिए उठाई गई आवाज को नौटंकी बताना भाजपा की हताशा : राव नरेंद्र सिंह*
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को नौटंकी बताना भाजपा की हताशा को दर्शाता है। जब विपक्ष चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची की विश्वसनीयता और जनता के मताधिकार से जुड़े सवाल उठाता है, तो भाजपा को उन सवालों का जवाब देना चाहिए, न कि आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता जनता के वोट से मिलती है और जनता के वोट की रक्षा करना चुनाव आयोग की संवैधानिक जिम्मेदारी है। यदि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, तो उनकी निष्पक्ष जांच और पारदर्शी समाधान होना चाहिए।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवालों का जवाब देना जिम्मेदारी है, न कि सवाल उठाने वालों का विरोध करना।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर जनता के मन में किसी भी प्रकार का संदेह नहीं रहना चाहिए। भाजपा को अपनी राजनीतिक ताकत पर भरोसा है तो उसे निष्पक्ष चुनाव की मांग का स्वागत करना चाहिए। लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और कांग्रेस हमेशा जनादेश का सम्मान करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से मैदान में हैं। भाजपा चाहे इस अभियान को कोई भी नाम दे, लेकिन कांग्रेस जनता के मताधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाना बंद नहीं करेगी। यह लड़ाई किसी राजनीतिक पद या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक परंपराओं और संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए है।
*राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि* भाजपा सरकार की नीतियों ने किसानों और युवाओं, दोनों को निराश किया है। एक ओर किसान अपनी फसल बेचने के लिए परेशान है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश का युवा रोजगार और सुरक्षित भविष्य की तलाश में भटक रहा है।
उन्होंने अग्निवीर योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि हरियाणा के युवाओं ने हमेशा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाले युवाओं और उनके परिवारों के लिए स्थायी रोजगार तथा भविष्य की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है। अग्निवीर योजना ने सेवा अवधि पूरी होने के बाद रोजगार और भविष्य की स्थिरता को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। सरकार को युवाओं की चिंताओं को गंभीरता से सुनना चाहिए और देश की सुरक्षा से जुड़े इस महत्वपूर्ण विषय पर जवाब देना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने, युवाओं के लिए रोजगार और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान को जनआंदोलन बनाएं और जनता से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाएं।
तोशाम और हांसी में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
तोशाम में प्रदर्शन के दौरान वरुण मुलाना, अनिरुद्ध चौधरी, प्रदीप गुलिया, पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज, पूर्व एआईसीसी महासचिव प्रदीप नरवाल, ब्लॉक अध्यक्ष दिलबाग, कुलदीप, जोगिंदर ग्रेवाल, अनिल नेहरा, दिनेश शास्त्री, प्रताप सरपंच, मास्टर कमल, शिव कुमार और अक्षित कुमार सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हांसी में प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, सांसद जयप्रकाश, जिला अध्यक्ष ब्रज लाल, विधायक चंद्रप्रकाश, विधायक नरेश सेलवाल, विधायक जस्सी पेटवाड़, केकेसी अध्यक्ष नरेश मलिक और डीएनटी टास्क फोर्स के अध्यक्ष डॉ. धन कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर संकल्प लिया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा, किसानों के अधिकारों तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।