हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बृहस्पतिवार को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर देश की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार भेंट की। राष्ट्रपति मनाली से नई दिल्ली लौट रही थीं। इस दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने राष्ट्रपति का स्वागत किया और उनकी आगे की यात्रा के लिए ससम्मान शुभकामनाएं दीं।
राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु से भेंट करना उनके लिए अत्यंत गौरव और प्रसन्नता का विषय है। राष्ट्रपति की सहजता, सादगी, विनम्रता और स्नेहपूर्ण व्यवहार प्रत्येक व्यक्ति को प्रभावित करता है। इतने महत्वपूर्ण संवैधानिक दायित्व का निर्वहन करते हुए भी उनका सरल और आत्मीय व्यक्तित्व प्रेरणा देता है।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की प्रेरणादायक मिसाल है। उनका व्यक्तित्व भारतीय लोकतंत्र की गरिमा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति से हुई यह आत्मीय शिष्टाचार भेंट उनके लिए विशेष अनुभव रही और मुलाकात के ये सुखद क्षण सदैव उनकी स्मृतियों में संजोए रहेंगे।