हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री करने और उनकी मां बारे टिप्पणी करने पर कड़ा पलटवार किया और कहा कि राहुल गांधी हिंदुस्तान की संस्कृति को नहीं जानते, मां का क्या स्थान है वो जानते नहीं है और छात्रों को भी खराब कर रहे हैं उनको अच्छे संस्कार देने की बजाय उनकी आदतें बिगाड़ रहे हैं ताकि वह भी जाकर अपनी मां का अपमान करें।
आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि अभी राहुल गांधी भागे-भागे घूम रहे हैं और वह सोचते हैं, इससे उनका राजनीतिक कद बढ़ेगा लेकिन राजनीतिक कद का मतलब प्रजातंत्र में वोट से होता है और राहुल युवाओं के पीछे दौड़ रहे हैं। इसका नतीजा दिल्ली यूनिवर्सिटी चुनाव में इनके उम्मीदवार को हराकर एबीवीपी ने इनका जवाब दे दिया है और पंजाब यूनिवर्सिटी में एबीवीपी ने चुनाव जीत के इनका जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा कि आज का यूथ बहुत समझदार है जबकि इनको गलतफहमी है। लोग इनकी शक्ल देखने के लिए आ जाते हैं लेकिन इनके साथ नहीं है क्योंकि कोई भी डूबते जहाज में चढ़ना नहीं चाहता और कांग्रेस का जहाज तो डूब रहा है।
*वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस के आरोपों पर मंत्री अनिल विज का पलटवार – कहा, “हमारी दुनिया में सब सही, कांग्रेस के दिमाग में क्या चल रहा है वही जानें"*
वंदे मातरम विवाद पर कांग्रेस विधायक डॉ. एचडी रंगनाथ के आरोप की भाजपा ने कभी भारतीय राष्ट्रगान का सम्मान नहीं किया है जिस पर प्रतिक्रिया देते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं, राष्ट्रगान भी गाते हैं राष्ट्रगीत भी गाते हैं अब इनकी दुनिया में क्या चल रहा है इस बारे में तो वही जानते हैं लेकिन हमारी दुनिया में तो सब कुछ सही हो रहा है। मंत्री विज ने कहा कि भाजपा ने कभी भी महात्मा गांधी की हत्या करने वाले का नाम नहीं लिया।
*एसआईआर चुनाव आयोग का निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए एक अभियान है, उसमें सरकार का कोई दखल नहीं : अनिल विज*
कांग्रेस ने एसआईआर को 'शाह द्वारा प्रेरित हटाना' बताया और मतदाताओं के नाम 'असामान्य रूप से बड़ी संख्या' में हटाए जाने पर चिंता जताई, के सवाल पर ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि एसआईआर चुनाव आयोग का निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए एक अभियान है, उसमें सरकार का कोई दखल नहीं और यह चुनाव आयोग की ड्यूटी भी है कि जो सही मतदाता है वही अपने मत का प्रयोग करें। जो दूसरे देशों से लाकर बताए जा रहे हैं और जिनकी नागरिकता पर प्रश्न चिन्ह है वह लोग मतदान न कर सके इसलिए एसआईआर करवाया जा रहा है