हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा अहीरवाल क्षेत्र के वीर शहीदों के अदम्य साहस, संघर्ष और बलिदान को समर्पित नसीबपुर में स्मारक की स्थापना की जाएगी। यह स्मारक आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति और देश सेवा की प्रेरणा देने के साथ-साथ अहीरवाल के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएगा।
मुख्यमंत्री ने आज हरियाणा निवास में इस महत्वपूर्ण परियोजना की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण तथा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह, स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के.एम. पांडुरंग, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव श्री यश पाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधायक श्री ओम प्रकाश यादव भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में नसीबपुर में बनने वाले स्मारक के प्रस्तावित डिजाइन, कंसेप्ट और निर्माण कार्यों की वर्तमान स्थिति के संबंध में विस्तृत प्रस्तुति दी गई। बैठक में बताया गया कि लगभग 42 कनाल 10 मरला क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस भव्य स्मारक परिसर में ओपन एयर थिएटर, लाइट एंड साउंड शो, गैलरी, ऑडिटोरियम, प्रशासनिक भवन तथा अन्य आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्मारक परिसर के सौंदर्यीकरण, हरित क्षेत्र विकास तथा आगंतुकों की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, सुगम आवागमन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि पर्यटकों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक श्री के.एम. पांडुरंग ने परियोजना की प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री व अन्य मंत्रीगण द्वारा दिए गए सुझावों और निर्देशों के अनुरूप परियोजना के डिजाइन एवं अन्य पहलुओं को और अधिक प्रभावी एवं आकर्षक बनाया जाएगा।
इस मौके पर सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक कैप्टन मनीष लोहान, शहीद स्मारक अंबाला के निदेशक डॉ कुलदीप सैनी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।