सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प की ही देन है कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दी गई। उनके नेतृत्व में देश में व्यापक बदलाव आएं हैं। पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल बेमिसाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब झुकने वाला भारत नहीं है।
उन्होंने आमजन का आहवान किया कि 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए इस देश के नागरिक होने के नाते, हर किसी को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी।
सांसद चौ. धर्मबीर सिंह रविवार को भिवानी के गांव सोंहासड़ा में आयोजित विशेष जन सम्पर्क अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर सांसद ने आमजन की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
सांसद ने कहा कि 2014 से पहले और बाद के भारत का अध्ययन करने से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि क्या बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं जिनका लाभ सीधे लोगों को मिल रहा है। सांसद ने कहा कि अब बिचौलियों का दौर खत्म हो चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।
सांसद ने आमजन से प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता लगातार घट रही है और देश की भूमि का ऑर्गेनिक कार्बन स्तर गंभीर रूप से कम हो गया है, जिससे भूमि बंजर होने की स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए न तो शुद्ध भोजन उपलब्ध रहेगा और न ही पीने योग्य पानी।
सांसद ने इस दौरान नशे कर बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि युवाओं में नशे का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान चलाए जाने का आहवान किया।