हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने पानीपत के सेक्टर 13–17 स्थित बीजेपी कार्यालय ‘श्याम कमल’ में जन शिकायतों की सुनवाई करते हुए कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता की हर समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि दरबार में आने वाले अधिकतर लोग अपनी व्यक्तिगत समस्याएं लेकर आते हैं, लेकिन सरकार उनके हर मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ढांडा ने स्पष्ट कहा कि “चाहे समस्या व्यक्तिगत हो या सामूहिक, सरकार हर नागरिक के साथ खड़ी है। हमारी प्राथमिकता है कि कोई भी व्यक्ति परेशान न रहे और उसे अपने अधिकार के लिए भटकना न पड़े।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई कार्यक्रम जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है, जिससे लोगों की समस्याएं जमीनी स्तर पर समझी जा सकती हैं और उनका त्वरित समाधान संभव होता है।