हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरगामी सोच के चलते महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने का बिल पारित होने जा रहा है, इससे देश की आबादी का जो 50 प्रतिशत हिस्सा महिलाओं का है, वह सशक्त होगा। महिलाओं के नेतृत्व में समाज और अधिक समृद्धि तथा खुशहाल होगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी शनिवार को भिवानी में पत्रकारों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देना एक ऐतिहासिक कदम है। इससे समाज में बड़ा ही सकारात्मक क्रांतिकारी बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर तरह में मजबूत हैं। महिलाओं ने हर मुकाम हासिल किया है। नासा में भी अपना परचम फहराया आया है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को भी इस बिल का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के नाम पर केवल बातें होती रही, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इसको वास्तविक स्वरूप दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं के उत्थान के लिए अनेक तरह की योजनाएं लेकर आई है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान से न केवल देश में लिंगानुपात में रचनात्मक सुधार हुआ है बल्कि समाज में भी महिलाओं को उचित स्थान मिल रहा है। आज महिलाएं पंचायत से लेकर लोकसभा तक जनता का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। देश की बुलंद आवाज बन रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति मान और सम्मान हर जगह जरूरी है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान का लोगों के मानसिक पटल पर बड़ा सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।