हरियाणा के विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि हरियाणा में एआई मिशन के तहत वर्ल्ड बैंक की मदद से 474 करोड़ रुपए से युवाओं को एआई कौशल से लैस किया जाएगा, इससे हरियाणा के लाखों युवाओं को प्रत्यक्ष, अप्रत्यक्ष तरीके से एआई क्षेत्र में रोजगार अवसर उपलब्ध होंगे। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का लक्ष्य नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को गंभीरता से लागू करना है, ताकि देश का युवा नवाचार और अनुसंधान से जुड़ सके।
सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने गोहाना में जवाहर लाल नेहरू वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में बॉक्सिंग अकादमी का उद्घाटन कर वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार ढांचागत विकास और विभिन्न योजनाएं लागू कर रही है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि आने वाला समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में 130 देशों के प्रतिनिधियों की भागीदारी इसका प्रमाण है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि जवाहर लाल नेहरू स्कूल ने अनुशासन, संस्कार और आधुनिक शिक्षा प्रणाली के माध्यम से अभिभावकों का विश्वास जीता है।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि युवाओं को संस्कारवान और क्षमतावान बनाना भी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों, बेटा-बेटी को अच्छी शिक्षा के लिए प्रेरित करें, क्योंकि यही देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। शिक्षक और अभिभावक दोनों अपने विद्यार्थियों को आगे बढ़ते देखकर गर्व महसूस करते हैं और यही समाज व राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है।