भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय ने 'MY Bharat' के सहयोग से, 'VB-G RAM G यूथ डिजिटल अभियान' नामक एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल अभियान शुरू किया है। इस अभियान का मकसद “विकसित भारत – ग्रामीण रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण): VB-G RAM G (विकसित भारत-G Ram G) एक्ट, 2025” के बारे में लोगों में बड़े पैमाने पर जागरूकता फैलाना है। इस अभियान का नाम ‘विकसित भारत-G Ram G – युवा शक्ति, पंचायतों की प्रगति’ रखा गया है।
इस पहल का मकसद युवाओं को अभियान के केंद्र में रखना और उन्हें क्विज़, वीडियो चैलेंज और क्रिएटिव प्रतियोगिताओं जैसी भागीदारी वाली गतिविधियों के ज़रिए जोड़ना है। इन गतिविधियों के ज़रिए, यह अभियान इस पहल को युवाओं की मजबूत भागीदारी के साथ एक देशव्यापी डिजिटल जन आंदोलन में बदलने का सशक्त प्रयास करेगा।
अभियान के ही भाग के तौर पर, 6 मार्च, 2026 को ‘मेरे गाँव के लिए 60 सेकंड’ नाम से एक राष्ट्रीय स्तर की शॉर्ट वीडियो, रील या एनिमेटेड वीडियो प्रतियोगिता शुरू की गई। यह प्रतियोगिता 15 से 29 साल के युवाओं के लिए है। प्रतिभागी किसी भी भारतीय भाषा में 30 से 60 सेकंड का वीडियो बनाकर उसे MY Bharat पोर्टल के ज़रिए ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। हर प्रतिभागी को सिर्फ़ एक एंट्री जमा करने की अनुमति होगी। वीडियो मोबाइल फ़ोन, कैमरे या एनिमेशन टूल्स का इस्तेमाल करके बनाए जा सकते हैं।
युवा प्रतिभागी इस अधिनियम से जुड़े विषयों पर सृजनात्मक विचारों की अभिव्यक्ति कर सकेंगे। इन विचारों के अंतर्गत इस अधिनियम के लक्ष्य और मुख्य-मुख्य विशेषताएँ, ग्रामीण रोज़गार और आजीविका के अवसर उत्पन्न करने में इसके लाभ और गाँव के विकास एवं बदलाव में इसकी भूमिका जैसे विषय शामिल हैं। प्रतिभागी युवाओं और महिलाओं के लिए इसमें रोज़गार के अवसर और विकसित भारत @2047 का लक्ष्य पाने में इस अधिनियम के योगदान के साथ-साथ ‘मेरा गाँव, मेरा भविष्य’ यानी 'आत्मनिर्भर और विकसित गांवों की आकांक्षा' के विज़न को भी उजागर कर सकेंगे।
प्रतियोगिता में सभी योग्य प्रतिभागियों को भागीदारी का एक डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा। जो प्रतिभागी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे, उन्हें सर्टिफिकेट और अन्य सम्मान दिए जाएँगे, साथ ही उन्हें केंद्रीय मंत्री - ग्रामीण विकास और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने का अवसर मिलेगा।
युवा प्रतिभागी https://bit.ly/4r3Gxhn लिंक पर क्लिक करके, या mybharat.gov.in पोर्टल पर जाकर इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं।