शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने सदन में कहा कि अंबाला शहर में नवरंग राय तालाब में रेलिंग, कोटा स्टोन फ्लोरिंग, प्रवेश द्वार व विद्युत कार्यों को स्थल पर पूरा कर लिया गया है। शेष कार्यों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है जिसे 31 मार्च 2026 तक तैयार कर लिया जाएगा।
हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल वीरवार को बजट सत्र के दौरान पूछे गए एक प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
उन्होंने बताया कि महावीर पार्क से संबंधित परियोजना के तहत कैंटीन का निर्माण, कनेक्टिंग ब्रिज, परिसर के चारों ओर प्रकाश व्यवस्था, पेंट कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं । परियोजना के शेष कार्यों के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है जो 20 अप्रैल 2026 तक तैयार कर ली जाएगी। अब तक इस परियोजना पर कुल 1879.51 लाख रुपये का खर्च किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि बाल भवन परियोजना को पूर्ण करने हेतु 13.99 करोड़ रुपये का संशोधित अनुमान तैयार किया गया। इसमें भवन ब्लॉकों के सिविल कार्यों को पूर्ण करने का प्रावधान किया गया है। शेष कार्यों के लिए अलग से डीपीआर तैयार की जाएगी।