हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में राज्य के सड़क तंत्र तथा आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) और आरयूबी (रेलवे अंडर ब्रिज) के निर्माण में अभूतपूर्व प्रगति हुई है।
लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें) मंत्री श्री रणबीर गंगवा वीरवार को हरियाणा विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान विधायक श्री लक्ष्मण सिंह यादव द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
मंत्री ने बताया कि सड़क और रेलवे परियोजनाओं के क्षेत्र में किये गए इन प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव आमजन की जिंदगी पर सीधे दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा, “यही कारण है कि हमारी सरकार लगातार तीसरी बार जनता द्वारा चुनी गई है।”
उन्होंने विशेष रूप से रेवाड़ी बाईपास परियोजना का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रेवाड़ी—दिल्ली, रेवाड़ी—रोहतक और रेवाड़ी—पटौदी रेलवे लाइन पर तीनों ओर से ‘वी शेप’ का जंक्शन बनाया जाएगा। इस प्रस्ताव को स्थायी वित समिति के पास भेजा गया है और स्वीकृति मिलने के बाद इसे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड (NCRPB) को ऋण के लिए भेजा जाएगा। इस परियोजना पर लगभग 207 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। रेलवे ने इस कार्य को 2023 में अपने कार्य योजना में भी शामिल किया था।
मंत्री रणबीर गंगवा ने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य में सड़क और रेलवे परियोजनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती रहेगी।