हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने सदन में बताया कि आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के सारंगपुर और महलसरा गांव के खेतों से बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 1650.00 लाख रुपये की दो योजनाएं व नलवा विधानसभा क्षेत्र के आर्य नगर, टोकस और पत्तन गांव के खेतों से बाढ़ के पानी की निकासी के लिए 421.00 लाख रुपये की एक परियोजना को हरियाणा राज्य सूखा राहत एवं बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 57वीं बैठक में मंजूरी दी गई है।
हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी आज बजट सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रही थी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के शेष प्रभावित गांवों में ई.पी./डी.पी. पंप लगाकर अस्थायी रूप से जल निकासी की व्यवस्था की गई थी। आगामी मानसून सीजन के दौरान स्थिति की समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर समस्या के स्थायी समाधान के लिए HSDR-FCB की अगली बैठक में अतिरिक्त बाढ़ नियंत्रण योजनाओं का प्रस्ताव रखा जाएगा।
साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने हाल ही में घोषणा की थी कि हिसार घग्गर ड्रेन की क्षमता बढ़ाई जाएगी जिससे हिसार, सिरसा, फतेहाबाद में जलभराव की समस्या का भी स्थाई समाधान होगा।