हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल ने कहा कि बल्लभगढ़ की जनता कॉलोनी में गरीब परिवारों को लगभग 40 साल पहले 1624 मकान अलॉट किये गये थे। इन मकानों का मालिकाना हक का कार्य जल्द ही कैंप लगाकर पूरा किया जाएगा।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल आज बजट सत्र के दौरान पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने कहा कि यह मामला मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के भी संज्ञान में आया है जिसका जल्द ही निपटान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन गरीब परिवारों को मकान अलॉट किये गये जिसका किस्तों में भुगतान करना था। कुछ लोगों ने समय पर भुगतान कर दिया और कुछ लोग अपनी राशि का समय पर भुगतान नहीं कर पाए। जिन परिवारों की किस्त पूरी हो गई है उनको जल्द ही मालिकाना हक दिया जाएगा। जिन परिवारों की किस्तों का समय पर भुगतान नहीं हुआ उनको आवश्यकता अनुसार ब्याज माफी का भी लाभ दिया जाएगा।