हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को प्रदर्शन करने या सरकार के खिलाफ अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विपक्ष द्वारा सदन के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करना उचित नहीं। उन्हें सदन की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए।
मुख्यमंत्री मंगलवार को हरियाणा विधानसभा में बजट सत्र के दौरान विपक्ष द्वारा सुबह किए गए प्रदर्शन पर सदन में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी को अपनी बात कहने के लिए स्थान की आवश्यकता है, तो सेक्टर-25, चंडीगढ़ में प्रदर्शन हेतु स्थान आरक्षित किया गया है। वहां जाकर प्रदर्शन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी है, क्योंकि वे सदन के कस्टोडियन हैं और सरकार इस संबंध में उनके हर निर्णय के साथ खड़ी है।
विधानसभा अध्यक्ष सभी सदस्यों को साथ लेकर चल रहे, जो इस सदन की परंपरा है
मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर चल रहे हैं, जो इस सदन की परंपरा है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष ने कभी भी किसी सदस्य के साथ भेदभाव नहीं किया, चाहे सत्ता पक्ष हो या विपक्ष। किसी भी पक्ष के विधायक हों, यदि कहीं थोड़ी-बहुत असमानता की भावना बनी भी हो, तो भी उन्होंने विपक्ष को पूरा समय दिया है और सदैव निष्पक्षता का परिचय दिया है।