राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) का 11वां भारतीय क्षेत्रीय सम्मेलन वीरवार को बेंगलुरु में शुरू हो गया। सम्मेलन में देश भर के विधान मंडलों के पीठासीन अधिकारी शिरकत कर रहे हैं। इसमें सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं। हरियाणा का प्रतिनिधित्व विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा कर रहे हैं। वीरवार को बेंगलुरु पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
सम्मेलन के पहले दिन लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला की अध्यक्षता में एग्जिक्यूटिव कमेटी की बैठक हुई। इस बैठक में विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण भी शामिल हुए। इस दौरान सम्मेलन की कार्य योजना पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद सम्मेलन का उद्घाटन सत्र हुआ।
इस दौरान लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुग्राम में आयोजित शहरी स्थानीय निकायों के सम्मेलन की सफलता के लिए हरियाणा विधान सभा और प्रदेश सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन देश में अपने आप में पहला विशिष्ट प्रयोग था, जो हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों से सफलतापूर्वक सिरे चढ़ सका। इस चर्चा के दौरान हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने सुझाव दिया कि पहली बार चुनकर आने वाले मंत्रियों के लिए भी प्रशिक्षण की विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए, जिससे उनको संसदीय कामकाज की बारीकियों से अवगत करवाया जा सके। विस अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने हरियाणा विधान सभा की ओर से चंडीगढ़ में मीडिया कर्मियों के लिए आयोजित कार्यशाला का भी जिक्र किया। सम्मेलन में इसकी सराहना की गई। सम्मेलन में दल-बदल निरोधक कानून की समीक्षा समिति के सदस्यों की संख्या बढ़ाए जाने का भी सुझाव आया। कहा गया कि इस समिति में 4 सदस्य होते हैं, लेकिन अब इनकी संख्या 10 से 12 की जानी चाहिए। सम्मेलन 13 सितंबर तक चलेगा।