अंबाला शहर: अंबाला शहर का बलदेव नगर चौक आज़ादी का अमृत महोत्सव मना चुकने के बाद भी अभी तक बदहाल अवस्था में है। यहां की मुख्य समस्याएं निम्नलिखित हैं:
1. *सुलभ शौचालय*: इस चौक से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोगों का आना जाना होता है। यहां पे चंडीगढ़ - कालका और देहली की ओर जाने वाले यात्री बसों का इंतजार करते हैं और यहां आने वाले यात्री इस चौक पर बसों से उतरते हैं। यदि किसी जन, विशेषकर महिला को शौच के लिए जाने को इच्छा जागृत हो जाए तो उस हमारी मां, बहन या बेटी पर क्या गुजरती है, इसे शायद कोई भी भली भांति समझ सकता है क्योंकि, इस चौक पे आज तक सुलभ शौचालय की व्यवस्था नहीं है।
2. *बस क्यू शेल्टर* : इस चौक पर चंडीगढ़ - कालका, नारायणगढ़, पंचकूला आदि की ओर जाने वाले यात्रियों, जिन्हें यहां बसों का इंतजार करना पड़ता है, कड़कती धूप या बरसात में, यहां बस क्यू शेल्टर न होने के कारण उनकी क्या हालत होती होगी, विशेषकर मासूम बच्चों को साथ में लिए महिलाओं की और बुजुर्गों की? हालांकि, अंबाला छावनी-करनाल- पानीपत की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए बस क्यू शेल्टर बना हुआ है लेकिन,बसें वहां पर न रुक पीछे ही शराब के ठेके के आगे रोक दी जाती हैं। जबकि, इस बस क्यू शेल्टर का प्रयोग एक साथ में सड़क पर बने ढाबे के लिए हो रहा है जो कि इस बस क्यू शेल्टर की सार्थकता पर प्रश्न चिह्न लगाता है।
3. *ट्रैफिक व्यवस्था* : इस चौक पर सड़क के दोनों ओर हो रखे अवैध कब्जों के कारण, ऑटो वालों को भी मजबूरी में सड़क पर ही ऑटो खड़े करने पड़ते हैं। इसके इलावा, सड़क के दोनों ओर तथा फ्लाई ओवर के नीचे भी निजी भारी वाहन खड़े पाए जाएंगे। कई बार इसी कारण से यहां पर वाहनों का तगड़ा जाम लग जाता है।प्रशासन को चाहिए कि, सड़क के दोनों ओर से अवैध कब्जे हटवाकर ऑटो वालों के लिए एक स्थान निर्धारित किया जाए ताकि उन्हें भी किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही दोनों ओर बस क्यू शेल्टर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करके संबंधित क्षेत्र की फ्लोरिंग और सौंदर्यीकरण का काम पूरा करवाया जाए।
4. *नालों की सफाई और अनुरक्षण* : यहां दो नाले हैं। एक फ्लाई ओवर के नीचे और दूसरा जो कि नगर निगम की दुकानों के सामने से होकर गुजरता है। दोनों नालों की सफाई और नगर निगम की दुकानों के सामने से होकर गूंजने वाले नाले की रिपेयर तुरंत वांछित है। इस नाले की सफाई का का कार्य भी न जाने अभी तक शायद *जिसकी लाठी, उसकी भैंस* वाले सूत्र के हावी होने के कारण पूरा नहीं हो पा रहा।
5 *. सर्विस लेन और फुटपाथ* : बलदेव नगर के क्षेत्र गांधी कॉलोनी और सुभाष नगर की ओर से मुख्य चौक तक आने वाले लोगों को अपने वाहनों पर अथवा पैदल, मजबूरी में रॉन्ग साइड आना पड़ता है। अतः प्रशासन को चाहिए कि जितनी जल्दी हो सके, नेशनल मॉडल स्कूल मोड़ से मुख्य चौक तक सर्विस लेन तथा फुटपाथ की व्यवस्था की जाए।
हालांकि, इसी चौक पर फ्लाई ओवर के नीचे कुछ हिस्से की फ्लोरिंग का कार्य चल रहा है जिसे झुठलाया नहीं जा सकता। लेकिन, बेहतर यही होगा कि सबसे पहले इस चौक पर मूल भूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं जिनको प्रशासन द्वारा बहुत हल्के में लिया जा रहा है।
यहां की जनता इसके लिए हरियाणा सरकार की अत्यंत आभारी रहेगी।