भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि किसानों, महिलाओं और समाज के अंतिम व्यक्ति का कल्याण केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार की नीतियों के केंद्र में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने से लेकर महिलाओं को सम्मान, सुविधा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराने तक अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार किसानों को बीज से लेकर बाजार तक सुरक्षा प्रदान करने और महिलाओं को घर से लेकर समाज तक समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
बुधवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मंडी आदमपुर के गांव चौधरीवाली में सरपंच कुलदीप डेलू द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान ग्रामीणों और महिलाओं ने उनका भव्य स्वागत किया। डॉ. गुप्ता ने ग्रामीणों एवं महिलाओं से सीधा संवाद करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान एवं महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
किसानों की आर्थिक स्थिति पर चर्चा करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से पात्र किसान परिवारों के बैंक खातों में प्रतिवर्ष छह हजार रुपये सीधे भेजे जा रहे हैं। सॉयल हेल्थ कार्ड के जरिए किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच करवाकर उसमें पोषक तत्वों की कमी और आवश्यक उर्वरकों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद की व्यवस्था किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। प्राकृतिक आपदाओं से फसलों को नुकसान होने पर भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. गुप्ता ने रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता से अधिक डीएपी और यूरिया का इस्तेमाल मिट्टी की सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर ही उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती की ओर बढ़ना आज समय की आवश्यकता है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उपजाऊ मिट्टी और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें। उन्होंने किसानों को पीएम कुसुम योजना जैसी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया।
महिला सशक्तीकरण पर बोलते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत घरों में शौचालयों का निर्माण, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से रसोई गैस कनेक्शन तथा जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक पेयजल पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण कदमों ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। इन योजनाओं से महिलाओं का दैनिक जीवन अधिक सुविधाजनक हुआ है और उनके सम्मान एवं स्वावलंबन को मजबूती मिली है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि समाज के नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में बराबर की भागीदार बनाने की सोच के साथ कार्य कर रही है। हरियाणा जैसे प्रदेश में एक महिला को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपना भी महिलाओं की नेतृत्व क्षमता, योग्यता और सामर्थ्य के प्रति संगठन के विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने किसानों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा उनका पूरा लाभ उठाने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री अनूप धानक, भाजपा जिलाध्यक्ष आशा खेदड़, प्रदेश महामंत्री वेद फुल्ला, जिला प्रभारी सुरेंद्र आर्य, मेयर प्रवीण पोपली, सरोज सिहाग, मनदीप मलिक, अरुण दत्त शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।