हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने आज रोहतक जिले में सिंचाई, जल निकासी और बाढ़ सुरक्षा से जुड़ी करीब 52 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें करीब 32.33 करोड़ रुपये की 20 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 19.65 करोड़ रुपये की छह परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनमंे रोहतक क्षेत्र में करीब 17.35 करोड़ रुपये तथा महम क्षेत्र में करीब 34.64 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं हैं।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार का विशेष ध्यान ऐसे क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने पर है, जहां बारिश के दौरान जलभराव और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से निचले क्षेत्रों से पानी की तेजी से निकासी होगी, गांवों एवं आबादी को जलभराव से राहत मिलेगी तथा नहरों और ड्रेनेज सिस्टम की कार्यक्षमता में सुधार होगा।
मंत्री ने गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र में रोहतक जल सेवाएं मंडल की करीब 5.02 करोड़ रुपये से अधिक की चार परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें जसिया में सरकारी कॉलेज से काहनी लिंक ड्रेन तक आरसीसी ट्रफ, आसन में जलभराव की निकासी के लिए भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन एवं पंप हाउस तथा लाढ़ौत और कंसाला में जल निकासी पाइपलाइन के कार्य शामिल हैं।
उन्होंने रोहतक वाटर सर्विसेज मैकेनिकल डिवीजन के तहत करीब 3.12 करोड़ रुपये के चार पंपिंग कार्यों का भी उद्घाटन किया। इन कार्यों के माध्यम से पाकस्मा, सांपला-चुलियाना, भालौठ, किलोई, आसन, धामड़ तथा खरावड़ क्षेत्र में पंप, मोटर और पैनल संबंधी कार्यों को मजबूत किया गया है।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने करीब 4.60 करोड़ रुपये की दो नहरी परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी। इनमें बीसी पाल माइनर का पुनर्वास तथा 1-आर न्यू मोखरा माइनर की रीमॉडलिंग शामिल है। इसके अलावा काहनी लिंक ड्रेन और ड्रेन नंबर-8 पर वीआर पुलों के पुनर्निर्माण से संबंधित कार्य भी किए जाएंगे।
महम क्षेत्र में करीब 17.89 करोड़ रुपये की सात परियोजनाओं में भैणी सुरजन, भैणी चंद्रपाल और समैण के निचले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए भूमिगत आरसीसी पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रमुख है। इस परियोजना पर करीब 9.10 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
समैण में 10 सबमर्सिबल पंपों के जरिए सौर ऊर्जा आधारित वर्टिकल ड्रेनेज पर 57.46 लाख, भैणी मातो में जल निकासी पाइपलाइन पर 1.46 करोड़, मोखरा खेड़ी की आबादी को बचाने के लिए मदीना लिंक ड्रेन पर आरसीसी सुरक्षा दीवार पर 1.96 करोड़ और महम ड्रेन पर रिटेनिंग वॉल के लिए करीब 3.68 करोड़ रुपये की परियोजनाएं भी शामिल हैं।
श्रीमती श्रुति चौधरी ने महम क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए 6.30 करोड़ के पांच पंपिंग कार्यों का भी लोकार्पण किया। इनमें सेमन, भैणी सुरजन, बहलबा और भैणी भैरो में नए पंप लगाने और मौजूदा पंपिंग व्यवस्था को मजबूत करने के काम शामिल हैं। भैणी भैरो की परियोजना पर अकेले 2.40 करोड़ खर्च किए गए हैं।
इसके अलावा उन्होंने महम में 10.45 करोड़ की दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें 6.67 करोड़ से कथूरा माइनर की रीमॉडलिंग तथा विभिन्न स्थायी पंप हाउसों में पंप और मोटर लगाने के लिए करीब 3.78 करोड़ की परियोजना शामिल है।