हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रधान सचिव एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय में उनकी भूमिका पूरी तरह समाप्त होने के बजाय उन्हें पुनर्नियुक्ति (री-एम्प्लॉयमेंट) दिए जाने की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, गुप्ता को तीन महीने की पुनर्नियुक्ति दिए जाने के आदेश बुधवार देर रात तक जारी होने की संभावना है। पुनर्नियुक्ति के बाद उन्हें मुख्यमंत्री कार्यालय में ही बनाए रखने के लिए एक नया पद सृजित कर उस पर तैनाती किए जाने की भी चर्चा है।
केंद्र से नहीं मिली एक साल की सेवा विस्तार की मंजूरी
1992 बैच के आईएएस अधिकारी अरुण कुमार गुप्ता को हरियाणा सरकार ने सेवानिवृत्ति से पहले एक वर्ष का सेवा विस्तार देने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था। गुप्ता 30 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले थे।
हालांकि, केंद्र स्तर पर इस प्रस्ताव पर एक वर्ष का सेवा विस्तार मंजूर नहीं हुआ। इसके बाद राज्य सरकार के स्तर पर गुप्ता को आईएएस सेवा में विस्तार देने का विकल्प उपलब्ध नहीं रहने की स्थिति में पुनर्नियुक्ति के जरिए उनकी सेवाएं लेने की कवायद सामने आई है।