अंबाला कैंट में हाईवे जाम खुलवाने के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों से मिलने के लिए हरियाणा के पुलिस महानिदेशक श्री अजय सिंघल ने आज मिलिट्री हॉस्पिटल और नागरिक अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना। डीजीपी ने चिकित्सकों से घायल पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली तथा पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया।
डीजीपी अजय सिंघल ने घायल पुलिसकर्मियों के शीघ्र एवं पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि हरियाणा पुलिस अपने जवानों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने ड्यूटी के दौरान घायल हुए पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना की।
हाईवे खुलवाने के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला
अंबाला कैंट में हाईवे जाम खुलवाने की कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 6-7 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुविधा के लिए हाईवे को सुचारू रूप से खुलवाने के दौरान पुलिस ने संयम एवं जिम्मेदारी के साथ स्थिति को नियंत्रित किया।
घायल पुलिसकर्मियों में डीएसपी वीरेंद्र शर्मा, जिनके अंगूठे पर गंभीर चोट आई है; सिपाही रक्षित, नवीन कुमार, हेड कांस्टेबल संदीप कुमार, सहायक उप निरीक्षक सतीश तथा एएसआई पंकज, जिनकी उंगलियों पर चोट आई है, शामिल हैं। इनके अलावा कई अन्य पुलिस कर्मियों के घायल होने की सूचना है।
कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता
डीजीपी अजय सिंघल ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है। पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपने कर्तव्य का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखें, कानून को अपने हाथ में न लें और सार्वजनिक मार्गों को बाधित करने से बचें।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक पंकज नैन , उपायुक्त सचिन गुप्ता तथा एसडीएम कनिका गोयल भी उपस्थित रहे।