संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर वाराणसी से निकली कलश वंदन यात्रा का पानीपत के इसराना विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व उत्साह, श्रद्धा और जनसैलाब के बीच भव्य स्वागत किया गया। शौदापुर, उन्टला, थर्मल, मतलौडा, भालसी, आदीयाना और अटावला सहित विभिन्न गांवों में हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, माल्यार्पण और जयघोष के साथ यात्रा का अभिनंदन किया। पूरा क्षेत्र जय गुरु रविदास के उद्घोष से गूंज उठा।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने मतलौडा स्थित रविदास मंदिर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी केवल एक महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता, न्याय और मानवता के अमर प्रतीक थे। उन्होंने समाज को जाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानव कल्याण का मार्ग दिखाया। उनका जीवन और उनके विचार आज भी करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
श्री पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश संतों, महापुरुषों और राष्ट्रनिर्माताओं की विरासत को सम्मान देने का कार्य कर रहा है। संत रविदास जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल की गई हैं। यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकता, सद्भाव और राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने वाला जनआंदोलन है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के सम्मान, उत्थान और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार संतों और महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर यात्रा का जगह-जगह पारंपरिक ढंग से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर संत रविदास जी के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक तथा हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।